विश्व मधुमेह दिवस पर ब्लू लाइट से जगमगाएगा इंडिया गेट, धनबाद में निकलेगी जागरूकता वॉक

विश्व मधुमेह दिवस पर ब्लू लाइट से जगमगाएगा इंडिया गेट, धनबाद में निकलेगी जागरूकता वॉक

सिटी सेंटर से रणधीर वर्मा चौक तक होगी पदयात्रा, श्रमिक चौक पर ब्लू बैलून कार्यक्रम के जरिए दिया जाएगा जागरूकता का संदेश

डीजे न्यूज, धनबाद: विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर 14 नवंबर को धनबाद एक्शन ग्रुप की ओर से जिले में व्यापक डायबिटीज जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत सुबह सिटी सेंटर से रणधीर वर्मा चौक तक जागरूकता वॉक निकाली जाएगी। पदयात्रा के समापन के बाद प्रतिभागियों के लिए हेल्दी ब्रेकफास्ट की व्यवस्था भी की गई है। वहीं, दोपहर में श्रमिक चौक पर ब्लू बैलून जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होगा।
इस संबंध में  बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में डीएचआरसी के निदेशक सह आर एसएसडीआई के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. एनके सिंह ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को नियमित शारीरिक गतिविधियों, मोटापे की रोकथाम, मधुमेह की समय पर पहचान और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि डायबिटीज से बचाव और नियंत्रण के लिए जागरूकता के साथ-साथ जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव बेहद जरूरी है।
डॉ. सिंह ने बताया कि ब्लू बैलून जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से विश्व मधुमेह दिवस के प्रतीक नीले रंग के गुब्बारों के जरिए मधुमेह के प्रति जागरूकता, एकजुटता और आशा का संदेश दिया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य समाज के हर वर्ग को मधुमेह के खिलाफ सामूहिक प्रयास के लिए प्रेरित करना है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष नई दिल्ली स्थित इंडिया गेट को भी नीली रोशनी से रोशन किया जाएगा। आर एस एस डी आई के बैनर तले आयोजित यह पहल मधुमेह के खिलाफ देशव्यापी जागरूकता और जनभागीदारी का प्रतीक बनेगी। धनबाद में आयोजित कार्यक्रम भी इसी अभियान की कड़ी है, जिसके माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और डायबिटीज के प्रति सतर्क रहने का संदेश दिया जाएगा। प्रेस वार्ता में डॉक्टर एन के सिंह के साथ डॉक्टर लीना सिंह, धीरज शर्मा मो शकील एवं गांधी उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top