दुर्गा पूजा समितियों को सम्मानित करेगा केसीसीआई
डीजे न्यूज, गिरिडीह : प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी कोयलांचल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज गिरिडीह ने दुर्गा पूजा समितियों को सम्मानित करने का निर्णय लिया है। पूर्व की तरह इस वर्ष भी अलग-अलग कैटेगरी में बेहतर पूजा समितियों को सम्मानित किया जाएगा। उक्त आशय की जानकारी आज आयोजकों ने प्रेस वार्ता आयोजित कर दी। अध्यक्ष राहुल बर्मन ने बताया कि इस वर्ष भी कार्यक्रम को धूमधाम से आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के संयोजक की जिम्मेवारी संस्था के संरक्षक अरविंद कुमार जी को दी गई है। उन्होंने बताया कि वैसे तो सभी पूजा समितियों को सम्मानित किया जाएगा परंतु अलग अलग कैटेगरी में 5 पूजा समितियों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। संयोजक अरविंद कुमार ने बताया कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। भव्य पंडाल, आकर्षक सजावट, बेहतर अनुशासन, भव्य मेला व साफ सफाई में टॉप 5 पूजा समितियों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावे प्रशासनिक दिशा निर्देशों का सही सही अनुपालन करने, कांधे पर माता का विसर्जन करने वाले समितियों के साथ मान सरोवर विसर्जन समिति को भी सम्मानित किया जाएगा। पूजा समिति के चयन प्रक्रिया को पारदर्शिता के साथ पूरी करने के लिए निर्णायक मंडली का गठन किया गया है जिसमें संस्था के पदाधिकारियों के अलावे प्रेस छायाकार विनोद शर्मा, लालू मिलन, मो मुज्तबा, सोनू, निशांत गुप्ता, विकास सिंह, योगेश्वर दास व श्याम कुमार को शामिल किया गया है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में सचिव गोपाल दास भदानी, उपाध्यक्ष राजेश गुप्ता, कार्यकारिणी सदस्य सुजीत भदानी, रवि राज समेत केसीसीआई के कई सदस्य मौजूद थे।