श्री इंफ्रा आउटसोर्सिंग कंपनी के कर्मियों ने किया काम ठप, बकाया वेतन और बोनस की है मांग

श्री इंफ्रा आउटसोर्सिंग कंपनी के कर्मियों ने किया काम ठप, बकाया वेतन और बोनस की है मांग

डीजे न्यूज, कतरास (धनबाद): वेतन और बोनस भुगतान की मांग को लेकर श्री इंफ्रा आउटसोर्सिंग कंपनी के कर्मी गुरुवार देर शाम आंदोलन पर उतर आए और परियोजना का काम ठप कर दिया। उक्त आउटसोर्सिंग कंपनी बीसीसीएल के गोविंदपुर क्षेत्र के महेशपुर कोलियरी में खनन कार्य कर रही है।
आंदोलनरत कर्मियों ने आउटसोर्सिंग कार्यालय के मुख्य द्वार पर प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कर्मियों का कहना है कि लंबे समय से बकाया वेतन और त्योहारी बोनस भुगतान की मांग कर रहे हैं, लेकिन प्रबंधन पिछले एक सप्ताह से केवल आश्वासन देकर टालमटोल की नीति अपना रहा है। नवरात्र के ​पांच दिन बीत चुके हैं, त्योहार के इस मौके पर भी मजदूर अपनी वाजिब हक के लिए तरस रहे हैं। प्रबंधन मजदूरों की समस्याओं और परिवार की जरूरतों को अनदेखा कर केवल कोयला उत्पादन करने में लगा हुआ है। कर्मियों ने कहा कि जब तक प्रबंधन उनके वेतन और बोनस का एकमुश्त भुगतान सुनिश्चित नहीं करती है तब तक परियोजना में काम बंद रहेगा।
इधर घंटों बाद आउटसोर्सिंग प्रबंधक शिवा रेड्डी की मजदूरों के साथ वार्ता हुई जिसमें शुक्रवार दोपहर के बाद वेतन भुगतान की प्रक्रिया शुरु करने का भरोसा दिया। इसके बाद कर्मी अपने- अपने कार्य पर वापस लौटे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top