बेंगाबाद में अवैध शराब भट्ठियों पर उत्पाद विभाग का धावा, 400 लीटर शराब जब्त

बेंगाबाद में अवैध शराब भट्ठियों पर उत्पाद विभाग का धावा, 400 लीटर शराब जब्त

4500 किलो जावा महुआ नष्ट, सोनबाद और महुवार में छापेमारी से मचा हड़कंप

डीजे न्यूज, गिरिडीह :जिले में अवैध शराब के निर्माण और कारोबार पर रोक लगाने के लिए उत्पाद विभाग ने बेंगाबाद थाना क्षेत्र के सोनबाद और महुवार में व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने करीब 400 लीटर तैयार अवैध महुआ चुलाई शराब जब्त की, जबकि शराब बनाने के लिए जमा किए गए लगभग 4500 किलोग्राम जावा महुआ को मौके पर ही नष्ट कर दिया।

उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश और अधीक्षक उत्पाद के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई के दौरान अवैध शराब निर्माण के कई ठिकानों को चिह्नित किया गया। छापेमारी में अलग-अलग घरों, आसपास के खेतों तथा बर्तनों, ड्रम और डिब्बों में छिपाकर रखे गए जावा महुआ का पता चला। कुछ स्थानों पर इसे जमीन में गाड़कर भी रखा गया था। उत्पाद विभाग की टीम ने बरामद तैयार शराब को जब्त कर लिया और शराब निर्माण में इस्तेमाल के लिए रखे गए किण्वित महुआ को नष्ट कर दिया।

**अवैध कारोबारियों की पहचान में जुटा विभाग**

कार्रवाई के बाद अवैध शराब के निर्माण और बिक्री में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, भंडारण और परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। इस कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

छापेमारी दल में उत्पाद विभाग के अवर निरीक्षक सुमितेश कुमार और महेश कुमार दास, सहायक अवर निरीक्षक लक्ष्मण महतो, बेंगाबाद थाना के जगन्नाथ पान सहित पुलिस बल और गृहरक्षा वाहिनी के सशस्त्र जवान शामिल थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top