गिरिडीह डीसी की फर्जी आईडी बनाकर ठगी की कोशिश
साइबर अपराधियों पर कसेगा शिकंजा
डीजे न्यूज, गिरिडीह : उपायुक्त रामनिवास यादव के नाम और फोटो का दुरुपयोग कर सोशल मीडिया पर फर्जी आईडी बनाने तथा उसके माध्यम से लोगों को गुमराह कर साइबर ठगी करने का मामला सामने आया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए गिरिडीह जिला प्रशासन ने ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है।
जिला प्रशासन ने रविवार को आम लोगों के लिए चेतावनी जारी करते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर उपायुक्त या किसी अन्य प्रशासनिक अधिकारी के नाम और फोटो से संचालित संदिग्ध आईडी के झांसे में न आएं। फर्जी आईडी के जरिए यदि किसी प्रकार की आर्थिक सहायता, भुगतान या अन्य वित्तीय लेन-देन की मांग की जाती है, तो पहले संबंधित कार्यालय के आधिकारिक माध्यम से उसकी पुष्टि करें।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि किसी अधिकारी की पहचान का दुरुपयोग कर फर्जी सोशल मीडिया आईडी चलाना गंभीर मामला है। इसमें शामिल लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
ओटीपी और यूपीआई पिन साझा करने से बचें
जिला प्रशासन ने लोगों को आगाह किया है कि किसी भी संदिग्ध संदेश के आधार पर धनराशि का लेन-देन नहीं करें। अपना ओटीपी, यूपीआई पिन और बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति को न दें। फर्जी आईडी की जानकारी मिलने पर उसका स्क्रीनशॉट और लिंक सुरक्षित रखकर तत्काल साइबर थाना या नजदीकी पुलिस थाना को सूचित करें।
साइबर ठगी का शिकार होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने या राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई है। प्रशासन ने नागरिकों से सोशल मीडिया पर मिलने वाली सूचनाओं की आधिकारिक स्रोतों से पुष्टि करने और भ्रामक संदेशों को साझा करने से बचने की अपील की है।