सीपीएम के संस्थापक कामरेड जहीर अहमद का निधन, पार्टी में शोक की लहर
डीजे न्यूज, रांची: संताल परगना के गोड्डा जिले में सीपीएम के संस्थापकों में से एक काॅ. जहीर अहमद का शुक्रवार को रांची में शाम 7.30 बजे निधन हो गया। वे 89 वर्ष के थे तथा पिछले एक महीने से बीमार चल रहे थे। उनका इलाज रिम्स के ट्रामा सेंटर में चल रहा था। उनके निधन पर पार्टी में शोक की लहर दौड़ गई। राज्य सचिवमंडल ने उनके निधन पर गहरा दुख प्रकट करते हुए उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना प्रकट किया है। राज्य सचिव प्रकाश विप्लव ने शोक संवेदन प्रकट करते हुए कहा कि
काॅ. जहीर अहमद गोड्डा जिले के बसंतराय के निवासी थे तथा जिले में एक वरिष्ठ एडवोकेट के रूप में जाने जाते थे। गोड्डा जिले में उनकी एक प्रतिबद्ध वामपंथी नेता के रूप में मान्यता थी। जब एकीकृत बिहार में सीपीआई (एम) की संताल परगना जिला कमिटी का गठन किया गया था, वे उसके जिला कमिटी सदस्य निर्वाचित हुए थे तथा बाद में वे बहुत दिनों तक पार्टी के गोड्डा जिला कमिटी सदस्य रहे। 70 के दशक में वे गोड्डा विधानसभा क्षेत्र से पार्टी के उम्मीदवार भी रहे थे। वे हमेशा सकारात्मक सोच रखने वाले कामरेड थे।
इस उम्र में भी वे गोड्डा शहर में पार्टी के मुखपत्र लोकलहर की वितरण व्यवस्था संभालते थे। गोड्डा बार एसोसिएशन में अधिवक्ताओं के बीच लोकलहर और पीपुल्स डेमोक्रेसी का वितरण उनका प्रिय काम था। वे एक शानदार वक्ता तथा कम्युनिस्ट सिद्धान्तों के प्रति समर्पित व्यक्ति थे। उनका पूरा परिवार पार्टी समर्थक है तथा उनके बड़े बेटे एहतेशाम अहमद सीपीआई (एम) के राज्य सचिवमंडल सदस्य हैं।