दुर्गापूजा से पहले एक्शन में नगर निगम, पंडालों की समस्याओं को दो-तीन दिन मे करें दूर : महापौर प्रमिला मेहरा
डीजे न्यूज, गिरिडीह : दुर्गापूजा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा और सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने के लिए जिला बीस सूत्री उपाध्यक्ष संजय सिंह, महापौर प्रमिला मेहरा और उप महापौर सुमित कुमार ने सोमवार को शहर के विभिन्न दुर्गापूजा पंडालों का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों, नगर निगम के पदाधिकारियों और पूजा समितियों के प्रतिनिधियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की गई। महापौर ने संबंधित विभागों को दो से तीन दिनों के भीतर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान पूजा पंडालों में साफ-सफाई, बिजली आपूर्ति, पेयजल, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और अग्निशमन व्यवस्था का जायजा लिया गया। सामने आई समस्याओं को सूचीबद्ध कर उनके त्वरित समाधान का निर्देश दिया गया।
**दिवंगत मंत्री सुदिव्य सोनू की परंपरा को आगे बढ़ाने की पहल**
जिला बीस सूत्री उपाध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू प्रत्येक वर्ष दुर्गापूजा से पहले पूजा समितियों से संपर्क कर तैयारियों की जानकारी लेते थे और कमियों को दूर कराने का प्रयास करते थे। इस वर्ष भी उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने विभिन्न पंडालों का निरीक्षण किया, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
**बिजली, सुरक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था पर विशेष जोर**
महापौर प्रमिला मेहरा ने कहा कि गिरिडीह के दुर्गापूजा पंडाल शहर की पहचान हैं और यहां हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में सभी विभागों की जिम्मेदारी है कि लोगों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुगम वातावरण मिले।
उन्होंने पूजा पंडालों और आसपास के क्षेत्रों में नियमित साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बिजली विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति के साथ बैकअप व्यवस्था रखने को कहा गया। वहीं, स्वास्थ्य विभाग को मेडिकल टीम और एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया, ताकि आपात स्थिति में तत्काल सहायता मिल सके।
महापौर ने शहरवासियों से भी स्वच्छता बनाए रखने, यातायात नियमों का पालन करने और प्रशासन को सहयोग देने की अपील की। उन्होंने कहा कि दुर्गापूजा आस्था और संस्कृति का पर्व है। इसे सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में मनाने के लिए प्रशासन हरसंभव प्रयास करेगा।
**निरीक्षण में अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे शामिल**
मौके पर उप महापौर सुमित कुमार, नगर आयुक्त विजय सिंह बिरूवा, प्रशिक्षु आईएएस एस. कुमार, सदर एसडीओ धीरेन्द्र प्रसाद, उप नगर आयुक्त अशोक हांसदा, सिटी मैनेजर मंजूर आलम, पथ निर्माण, पेयजल आपूर्ति और विद्युत विभाग के अभियंता, कनीय अभियंता अमित कुमार, झामुमो जिला उपाध्यक्ष अजित कुमार पप्पू, जिला प्रवक्ता कृष्ण मुरारी शर्मा, महानगर अध्यक्ष राकेश कुमार रॉकी, गिरिडीह साउंड यूनियन के जिला अध्यक्ष रामजी यादव, युवा नेता अभय सिंह, रंजीत यादव, हबलू गुप्ता, जिला सह सचिव दिलीप रजक, राकेश कुमार सिंह और मोनू सिंह सहित कई लोग उपस्थित थे।