वोट चोरी’ का आरोप लगा गिरिडीह में कांग्रेस ने किया प्रदर्शन, काली पट्टी बांध मनाया काला दिवस
डीजे न्यूज, गिरिडीह : जिला कांग्रेस कमेटी ने शनिवार को कांग्रेस भवन से टावर चौक तक विरोध प्रदर्शन कर काला दिवस मनाया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने काली पट्टी बांधकर ‘ज्ञानेश कुमार को गिरफ्तार करो’, ‘लोकतंत्र की हत्या बंद करो’ और ‘वोट चोरी नहीं चलेगी’ जैसे नारे लगाए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सतीश केडिया ने केंद्र की मोदी सरकार और निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र की निष्पक्षता, अखंडता और नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में कांग्रेस नेताओं को विरोध प्रदर्शन करने से रोका जा रहा है और नेता प्रतिपक्ष सहित अन्य सांसदों के साथ दुर्व्यवहार किया जा रहा है।
केडिया ने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रियंका गांधी और केसी वेणुगोपाल सहित अन्य सांसदों के साथ कथित दुर्व्यवहार लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि विरोध प्रदर्शन करना लोकतंत्र में नागरिकों और राजनीतिक दलों का मौलिक अधिकार है। कांग्रेस इसी अधिकार और निष्पक्ष चुनाव व्यवस्था की रक्षा के लिए देशभर में काला दिवस मना रही है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा की यह लड़ाई निर्णायक मोड़ पर है। कांग्रेस कार्यकर्ता लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए अपना संघर्ष जारी रखेंगे।
ये नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद
प्रदर्शन में अजय कुमार सिन्हा, प्रदेश सचिव राजेश तुरी, अशोक विश्वकर्मा, मोहम्मद शमीम, मोहम्मद अली खान, पोरेश नाथ मित्रा, मोहम्मद निजामुद्दीन, विनीत भास्कर, सुलेमान अख्तर, जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष मोहम्मद सोहेल, सरफराज अंसारी, बिलाल अहमद, हुसैन मेराज अहमद, मेराज गोल्डी, साबिर खान, प्रोफेसर मंजूर आलम अंसारी, शाहनवाज, संतोष वर्मा, मोहम्मद ओवैस, देवानंद पंडित, टार्जन, मोहम्मद नवाब, सिकंदर अंसारी, नदीम अख्तर, चांद और रशीद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।