100 साल पुरानी दुर्गापूजा परंपरा को भव्य बनाने की तैयारी, बाबू लाइन मंदिर कमेटी ने चंदा संग्रह के लिए सदस्यों को सौंपी जिम्मेदारी
डीजे न्यूज, जपला,पलामू : जपला सीमेंट फैक्ट्री स्थित बाबू लाइन मंदिर में दुर्गापूजा की तैयारियों को लेकर शनिवार को समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूजा को श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ संपन्न कराने का संकल्प लिया गया। साथ ही चंदा संग्रह में तेजी लाने और बाहर रह रहे जपलावासियों को पूजा आयोजन से जोड़ने पर जोर दिया गया।
बैठक की अध्यक्षता पूर्व मुखिया रमाशंकर चौधरी ने की, जबकि संचालन युवा समाजसेवी सचिन शर्मा उर्फ मंटू शर्मा ने किया। पूजा के लिए अब तक एकत्रित चंदा राशि की समीक्षा में अपेक्षाकृत कम राशि मिलने की बात सामने आई। इसके बाद पोषक क्षेत्रों में रसीद बुक के माध्यम से चंदा संग्रह की जिम्मेदारी अलग-अलग सदस्यों को सौंपी गई।
**बाहर रह रहे लोगों से भी सहयोग की अपील**
बैठक में जपला से बाहर रह रहे धर्मप्रेमियों के आर्थिक सहयोग की सराहना की गई। सदस्यों ने कहा कि रोजगार और अन्य कारणों से दूर रहने के बावजूद लोगों का बाबू लाइन मंदिर और दुर्गापूजा से भावनात्मक जुड़ाव बना हुआ है। हार्वे हाई स्कूल परिवार और जपला परिवार से जुड़े सदस्यों से भी आगे बढ़कर सहयोग करने की अपील की गई।
पूर्व मुखिया रमाशंकर चौधरी ने कहा कि पूजा आयोजन में आर्थिक कमी नहीं होने दी जाएगी। इसके लिए सक्षम श्रद्धालुओं से संपर्क कर सहयोग अभियान को और गति दी जाएगी।
**सर्वधर्म सद्भाव की मिसाल रही है पूजा**
मोहन चौधरी और समाजसेवी सुरेंद्र चौधरी ने कहा कि बाबू लाइन मंदिर में दुर्गापूजा की परंपरा वर्षों से चली आ रही है। बुजुर्गों के अनुसार, करीब 100 वर्षों से इस आयोजन में सभी समुदायों का महत्वपूर्ण सहयोग मिलता रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में भी आपसी सौहार्द और सहयोग की यह परंपरा कायम रहेगी।
कमेटी ने कहा कि पूर्वजों द्वारा स्थापित पूजा-पद्धति और परंपराओं को आगे बढ़ाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए पुराने सहयोगियों, श्रद्धालुओं और युवाओं से सक्रिय भागीदारी की अपील की गई।
बैठक में कमेटी अध्यक्ष नीरज कुमार गुप्ता उर्फ लक्षु, सचिव सचिन शर्मा उर्फ मंटू शर्मा, कोषाध्यक्ष रमेश राम, उपाध्यक्ष मोहन चौधरी, उपसचिव मनोज कुमार गुप्ता उर्फ छोटन गुप्ता और गंगेश्वर यादव उर्फ पिंटू यादव, मीडिया प्रभारी मोहसिन खां सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
इसके अलावा संरक्षक मनोज भारती, रमाशंकर चौधरी, सुरेंद्र चौधरी, संदीप ठाकुर, व्यवस्थापक भरत पांडेय उर्फ मनु पांडेय, कृष्णकांत अवस्थी, अशोक विश्वकर्मा, मुनी राम, चंदन सिंह चंद्रवंशी, रवि सिंह, काजू सिंह, विकास चौधरी, मुकेश राम और विक्की विश्वकर्मा सहित दर्जनों युवक उपस्थित थे। अनुपस्थित सदस्यों ने भी बैठक में लिए गए निर्णयों पर सहमति जताई।