टैक्स वसूली तेज, लेकिन जनता पानी-बिजली और सफाई को तरसी; 108 योजनाओं पर भी उठे सवाल

टैक्स वसूली तेज, लेकिन जनता पानी-बिजली और सफाई को तरसी; 108 योजनाओं पर भी उठे सवाल

डीजे न्यूज, गिरिडीह : गिरिडीह नगर निगम के वार्ड संख्या-06 में पेयजल संकट, बदहाल सफाई व्यवस्था और खराब स्ट्रीट लाइटों को लेकर वार्ड पार्षद संजीव कुमार ने नगर निगम प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा जैसे बड़े पर्व पर भी नागरिकों को बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान होना पड़ रहा है। घरों तक नियमित पानी नहीं पहुंच रहा है और साफ-सफाई की व्यवस्था भी दुरुस्त नहीं है।

**शिलान्यास के बाद कहां अटकीं 108 योजनाएं?**

संजीव कुमार ने कहा कि नगर निगम गठन के छह महीने बीत चुके हैं और बोर्ड की तीन बैठकों में कई योजनाएं पारित की गई हैं, लेकिन धरातल पर विकास कार्यों की गति को लेकर सवाल बने हुए हैं। करीब तीन महीने पहले महापौर, उपमहापौर और तत्कालीन मंत्री की मौजूदगी में 108 योजनाओं का शिलान्यास किया गया था। इसके बावजूद इन योजनाओं पर काम शुरू नहीं होने का आरोप लगाते हुए उन्होंने पूछा कि आखिर योजनाएं कब धरातल पर उतरेंगी और इसकी जवाबदेही कौन लेगा।

**नागरिक सुविधाओं से पहले वसूली पर जोर का आरोप**

वार्ड पार्षद ने आरोप लगाया कि नगर निगम नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के बजाय राजस्व वसूली पर अधिक ध्यान दे रहा है। उन्होंने होर्डिंग के नाम पर कथित अनियमित वसूली और होल्डिंग टैक्स जमा कराने के लिए दबाव बनाए जाने की शिकायतों की निष्पक्ष जांच की मांग की। टैक्स जमा नहीं करने पर कुछ नागरिकों के होल्डिंग रिकॉर्ड निष्क्रिय किए जाने की शिकायतों पर भी उन्होंने प्रशासन से स्थिति स्पष्ट करने को कहा।

संजीव कुमार ने कहा कि नगर निगम की प्राथमिकता नागरिकों को नियमित पेयजल, स्वच्छता, स्ट्रीट लाइट और बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना होनी चाहिए। टैक्स वसूली के साथ जनता को सुविधाएं देना भी प्रशासन की जिम्मेदारी है।

उन्होंने वार्ड-06 सहित पूरे नगर निगम क्षेत्र में जलापूर्ति नियमित करने, सफाई व्यवस्था सुधारने, खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत कराने तथा शिलान्यासित 108 योजनाओं की प्रगति सार्वजनिक करने की मांग की। साथ ही होर्डिंग और होल्डिंग टैक्स से जुड़ी शिकायतों की जांच कर पारदर्शी व्यवस्था लागू करने पर जोर दिया।

भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश मंत्री एवं वार्ड पार्षद संजीव कुमार ने कहा कि वार्ड की जनता की समस्याओं को उठाना और उनके समाधान के लिए संघर्ष करना उनकी प्राथमिकता है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top