ओबी डंपिंग के खिलाफ सड़क पर उतरे ग्रामीण, किया प्रदर्शन
डीजे न्यूज, झरिया(धनबाद): बरारी क्षेत्र में ओबी (ओवरबर्डन) डंपिंग को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी देखी जा रही है। शनिवार को बरारी और डिगवाडीह के बीच डंपिंग स्थल के समीप बड़ी संख्या में महिला-पुरुष ग्रामीणों ने एकजुट होकर विरोध जताया और ओबी डंपिंग पर रोक लगाने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीण सड़क पर बैठकर अपनी आवाज बुलंद किया।
श्रमिक नेता सबुर गोराई का कहना है कि ओबी डंपिंग से आम रास्ता को बंद किया जा रहा है। इससे लोगो को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ है। आसपास के क्षेत्र में धूल और प्रदूषण की समस्या बढ़ रही है। इससे लोगों के स्वास्थ्य और दैनिक जीवन पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है। डंपिंग स्थल पर ओबी का बड़ा ढेर जमा होने से भी लोगों में चिंता है।
प्रदर्शनकारियों ने संबंधित प्रबंधन और प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की। उनका कहना है कि क्षेत्र के लोगों की परेशानियों को गंभीरता से लेते हुए ओबी डंपिंग पर उचित कार्रवाई की जानी चाहिए।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया, तो वे आगे भी आंदोलन करने को बाध्य होंगे। हालांकि, इस संबंध में संबंधित प्रबंधन और प्रशासन का पक्ष सामने आना बाकी है।