दामोदर नदी से अवैध रूप से बालू उठाव जारी, बालू लदे ट्रैक्टरों से हादसे की आशंका

दामोदर नदी से अवैध रूप से बालू उठाव जारी, बालू लदे ट्रैक्टरों से हादसे की आशंका

 

डीजे न्यूज, झरिया(धनबाद): जोड़ापोखर थाना क्षेत्र के डुमरी-जामाडोबा इलाके में दामोदर नदी से बड़े पैमाने पर अवैध रूप से बालू उठाव का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों के अनुसार अहले सुबह दामोदर नदी से बालू का उठाव कर ट्रैक्टरों के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में सप्लाई की जाती है। इससे क्षेत्र में बालू के अवैध कारोबार को लेकर नाराजगी बढ़ रही है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बालू लदे ट्रैक्टर तेज रफ्तार से इलाके की सड़कों से गुजरते हैं। इससे राहगीरों और स्थानीय निवासियों को दुर्घटना का खतरा बना रहता है। लोगों के मुताबिक, तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होने की स्थिति बनी रहती है, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल है।
बताया जाता है कि इस मामले को लेकर स्थानीय लोगों ने कई बार विरोध जताया और जोड़ापोखर पुलिस को भी इसकी जानकारी दी। इसके बावजूद लोगों का आरोप है कि अब तक इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इससे लोगों में नाराजगी है।
स्थानीय निवासियों ने पुलिस और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से मामले की जांच कराने, दामोदर नदी से बालू के अवैध उठाव पर रोक लगाने तथा तेज रफ्तार से चलने वाले ट्रैक्टरों पर कार्रवाई करने की मांग की है। अब देखना यह है कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top