कोल्हापुर में प्रवासी मजदूर की सड़क हादसे में मौत, परिवार ने शव लाने की सरकार से लगाई गुहार

कोल्हापुर में प्रवासी मजदूर की सड़क हादसे में मौत, परिवार ने शव लाने की सरकार से लगाई गुहार

डीजे न्यूज, विष्णुगढ़ (हजारीबाग) : महाराष्ट्र के कोल्हापुर में सड़क दुर्घटना में विष्णुगढ़ प्रखंड के टंडवा निवासी 45 वर्षीय प्रवासी मजदूर मो. मनीर अंसारी की मौत हो गई। हादसे की खबर से परिवार में मातम पसरा है। पत्नी हसमत बानो और तीन बच्चों के सामने अब रोजी-रोटी के साथ पति का शव पैतृक गांव लाने का संकट भी खड़ा हो गया है।

मो. मनीर अंसारी, पिता लियाकत अंसारी, कोल्हापुर में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी असमय मौत से परिवार का सहारा छिन गया है। आर्थिक तंगी के कारण परिजनों के लिए शव को गांव लाकर अंतिम संस्कार करना भी चुनौती बन गया है।

मृतक की पत्नी हसमत बानो ने झारखंड सरकार से आर्थिक मदद की गुहार लगाई है। उन्होंने राज्य प्रवासी नियंत्रण श्रमिक कक्ष, डोरंडा, रांची के नोडल पदाधिकारी को आवेदन देकर सहायता उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है।

समाजसेवी रफीक आलम ने सरकार और संबंधित विभाग से तत्काल पहल करने की मांग की है। उन्होंने शव को गांव लाने की व्यवस्था करने के साथ अंतिम संस्कार के लिए पीड़ित परिवार को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने का आग्रह किया।

वहीं, समाजसेवी सिकन्दर अली ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि पत्नी और तीन बच्चों के सामने गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। उन्होंने सरकार से शव को पैतृक गांव पहुंचाने की व्यवस्था करने, परिवार को उचित मुआवजा देने और नियमानुसार अन्य सहायता उपलब्ध कराने की मांग की, ताकि संकट की इस घड़ी में पीड़ित परिवार को राहत मिल सके।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top