विवाहिता से दुष्कर्म का आरोप, दोस्तों पर भी संगीन इल्जाम; मुख्य आरोपी गिरफ्तार

विवाहिता से दुष्कर्म का आरोप, दोस्तों पर भी संगीन इल्जाम; मुख्य आरोपी गिरफ्तार

डीजे न्यूज, गिरिडीह : गिरिडीह जिले के धनवार थाना क्षेत्र में विवाहिता के साथ कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया है। महिला ने अपने फूफेरे भाई पर दुष्कर्म करने और उसके दोस्तों पर सामूहिक दुष्कर्म में शामिल होने का आरोप लगाया है। पीड़िता के बयान पर पुलिस ने सात अक्टूबर को प्राथमिकी दर्ज की। मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपों की जांच जारी है।

स्कूल से लौटते समय रास्ते में मिला आरोपी

पीड़िता के अनुसार, उसका मायका गिरिडीह जिले के एक गांव में है, जबकि ससुराल देवघर जिले में है। एक अक्टूबर को वह अपनी चार वर्षीय बेटी को देवघर के एक स्कूल में छोड़ने गई थी। इसी दौरान रास्ते में उसका फूफेरा भाई मिला, जिसने उसे अपनी गाड़ी में बैठा लिया और गिरिडीह ले आया।

महिला का आरोप है कि आरोपी उसे अपनी मीट की दुकान में ले गया और वहां बने एक कमरे में रखकर उसके साथ जबरदस्ती की। पीड़िता के बयान के मुताबिक, आरोपी ने उस पर अन्य युवकों के साथ भी संबंध बनाने का दबाव डाला। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई।

रसगुल्ला खिलाने के बाद बेहोश होने का दावा

पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि कुछ देर बाद तीन-चार युवक वहां पहुंचे। महिला के मुताबिक, उसे रसगुल्ला दिया गया, जिसे खाने के बाद वह बेहोश हो गई। अगले दिन शाम करीब चार बजे उसे होश आया। घटना के बाद वह काफी डरी हुई थी। परिजनों को पूरी बात बताने के बाद उसने सात अक्टूबर को पुलिस के समक्ष शिकायत दर्ज कराने का फैसला किया।

एसपी ने गठित की विशेष टीम, कई जगह छापेमारी

महिला का फर्द बयान दर्ज होने के बाद धनवार थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी डॉ. बिमल कुमार ने आरोपियों की गिरफ्तारी और जांच के लिए विशेष टीम गठित की।

टीम में खोरीमहुआ एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार, सदर एसडीपीओ जीतबाहन उरांव, महिला थाना प्रभारी दीपमाला कुमारी, बेंगाबाद थाना प्रभारी अमन कुमार, हीरोडीह थाना प्रभारी महेश चंद्र और धनवार थाना प्रभारी ब्रजेश कुमार सिंह समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी शामिल हैं। पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश में छापेमारी की।

मुख्य आरोपी गिरफ्तार, अन्य की भूमिका की जांच

खोरीमहुआ एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार ने बताया कि महिला ने अपने फूफेरे भाई समेत कुछ अन्य लोगों पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच में जिन लोगों की संलिप्तता सामने आएगी, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top