खेलते-खेलते तालाब में गिरा मासूम, मौत से गांव में पसरा मातम

खेलते-खेलते तालाब में गिरा मासूम, मौत से गांव में पसरा मातम

डीजे न्यूज, बेंगाबाद(गिरिडीह) : बेंगाबाद में खेलने के क्रम में तालाब में डूबने से एक चार वर्षीय बच्चे कुर्बान अंसारी की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।

बताया जाता है कि महुआर पंचायत के धरतीशरण बरोटांड निवासी तनबीर अंसारी का पुत्र दोपहर बाद घर से लगभग पचास फीट की दूरी पर स्थित तालाब के पास अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। लगभग चार बजे किसी की नजर तालाब में तैरते हुए बच्चे पर पड़ी, इसके बाद मौके पर हो-हल्ला मच गया। हल्ला सुनकर लोग जुटे और उसे तालाब से बाहर निकाला।

परिजन आनन-फानन में उसे इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद बच्चे के शव को घर ले आया गया। मृतक दो भाई और एक बहन में सबसे बड़ा था।

बताया जा रहा है कि खेलने के दौरान बच्चा तालाब की मेड़ पर गया था, इसी बीच उसकी चप्पल तालाब में गिर गई। चप्पल उठाने के प्रयास में वह गहरे पानी में चला गया। वहीं साथ खेल रहा दूसरा बच्चा घर चला गया था।

सूचना पर थाना प्रभारी अमन कुमार सिंह और एएसआई अशोक कुमार घटनास्थल पहुंचे और परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी ली। समाचार लिखे जाने तक पुलिस परिजनों को समझा-बुझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने का प्रयास कर रही थी।

इधर मुखिया पति महेंद्र चौधरी सूचना पर मृतक के घर पहुंचे और शोक संवेदना प्रकट करते हुए परिजनों को ढांढस बंधाया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top