भू-धंसान के खिलाफ दुकानदारों ने लगाया काला बिल्ला, जताया विरोध

भू-धंसान के खिलाफ दुकानदारों ने लगाया काला बिल्ला, जताया विरोध

डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद): कतरास व आसपास इलाकों में लगातार हो रही भू-धंसान के खिलाफ कतरास बचाओ संघर्ष मोर्चा के द्वारा चलाए जा रहे चरणबद्ध आंदोलन के तहत बुधवार को काला बिल्ला लगाया गया। मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने शहर में घूम-घूमकर दुकानदारों एवं स्थानीय लोगों को काला बिल्ला लगाया और भू-धंसान की समस्या के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन के दौरान मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने बीसीसीएल और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। वक्ताओं ने कहा कि कतरास और आसपास के क्षेत्रों में भू-धंसान की घटनाएं लगातार चिंता का विषय बनी हुई हैं। इसके बावजूद समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में ठोस पहल नहीं की जा रही है।
वक्ताओं ने भू-धंसान के लिए बीसीसीएल की कोयला खनन नीति और केंद्र सरकार की उदासीनता को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि प्रभावित क्षेत्रों के लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने सरकार और संबंधित अधिकारियों से प्रभावित इलाकों का दौरा कर इसका स्थायी समाधान करने, अवैध उत्खनन पर रोक लगाने तथा लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने कहा कि यदि भू-धंसान की समस्या का शीघ्र समाधान नहीं किया गया, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। विरोध प्रदर्शन में वार्ड 4 की पार्षद निरुपमा देवी भी शामिल होकर अपना समर्थन दिया। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, दुकानदार एवं मोर्चा के कार्यकर्ता मौजूद रहे। मौके पर प्रकाश राम गुप्ता, चुन्ना यादव, सुरेश केडिया, मनोज गुप्ता, बलबीर सिंह, प्रदीप पांडे, मो अफसर छोटू, राजकुमार अग्रवाल, सुधीर सिंह, ललित साव, मो नदीम, पंकज गुप्ता, सौरभ गुप्ता, हर्ष केडिया, मो अख्तर, कौशर खान उपस्थित रहे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top