अधिवक्ता दीप नारायण का प्रयास लाया रंग, सीएमडी, डीजीपी समेत 22 अधिकारी को नोटिस
कतरास बचाओ संघर्ष मोर्चा ने अधिवक्ता को किया सम्मानित
डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद):
अग्नि, भू-धंसान और अवैध खनन से प्रभावित क्षेत्रों में जनहित एवं मानवाधिकारों की रक्षा के लिए कानूनी लड़ाई लड़ रहे अधिवक्ता दीप नारायण भट्टाचार्य को ‘कतरास बचाओ संघर्ष मोर्चा’ के प्रतिनिधियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। मोर्चा के सदस्यों ने उनके इस सराहनीय व साहसिक प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि क्षेत्र की जनता के अधिकारों के लिए यह कानूनी लड़ाई एक अत्यंत महत्वपूर्ण कदम है। इस अवसर पर मोर्चा के प्रदीप पांडे, चुन्ना यादव, प्रकाश राम गुप्ता, मनोज गुप्ता, मो अमान, राजकुमार अग्रवाल सहित कई प्रमुख सदस्य व स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
मालूम हो कि अधिवक्ता ने बीते दिनों धनबाद सिविल कोर्ट में मानवाधिकार संरक्षण अधिनियम, 1993 की धारा 30 और संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत याचिका दायर की है। इस मामले की सुनवाई के बाद अदालत ने बीसीसीएल (BCCL) के सीएमडी, झारखंड के पुलिस महानिदेशक (DGP), धनबाद के उपायुक्त (DC) और एसएसपी समेत 22 अधिकारियों एवं पदाधिकारियों को नोटिस जारी कर जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है।
यह आवेदन अधिवक्ता दीप नारायण ने सिविल कोर्ट में दायर किया है। याचिका में कतरास, सिजुआ, लोदना, कुसुंडा, बलियापुर समेत विभिन्न क्षेत्रों में भू-धंसान, दरार और भूमिगत आग के कारण खतरे में पड़े लोगों के जीवन, आजीविका और संपत्ति की सुरक्षा की मांग की गई है।