500 टीमों को पछाड़ IIT (ISM) धनबाद की टीम बनी राष्ट्रीय चैंपियन
₹50 हजार नकद पुरस्कार, ट्रॉफी और प्रमाणपत्र से सम्मानित हुए छात्र
डीजे न्यूज, धनबाद : राष्ट्रीय स्तर की तकनीकी प्रतियोगिता में IIT (ISM) धनबाद के छात्रों ने शानदार उपलब्धि हासिल की है। फ्लूड पावर सोसाइटी ऑफ इंडिया (FPSI) की ओर से आयोजित फ्लूड पावर चैलेंज (FPC) 2026 नेशनल लेवल क्विज में IIT (ISM) की टीम “Ismites” ने पहला स्थान हासिल कर संस्थान का नाम रोशन किया। 5 अक्टूबर को कोयंबटूर में आयोजित ग्रैंड फिनाले में टीम ने देशभर की टीमों को पीछे छोड़ते हुए खिताब अपने नाम किया।
विजेता टीम में माइनिंग मशीनरी इंजीनियरिंग (MME) के छात्र Vidhan Singh Vaish और अक्षिता नागवंशी शामिल हैं। दोनों छात्र मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के अंतर्गत अध्ययनरत हैं। टीम का मार्गदर्शन मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अजित कुमार ने किया।
प्रतियोगिता में करीब 500 टीमों ने हिस्सा लिया था। IIT (ISM) की टीम ने एलिमिनेशन राउंड, क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल में बेहतर प्रदर्शन करते हुए टॉप-5 में जगह बनाई और इसके बाद कोयंबटूर में आयोजित ग्रैंड फिनाले के लिए क्वालिफाई किया।
फाइनल मुकाबले में छात्रों ने फ्लूड पावर टेक्नोलॉजी, हाइड्रोलिक्स और न्यूमैटिक्स से जुड़े सवालों का प्रभावी ढंग से जवाब देते हुए अपनी तकनीकी दक्षता का प्रदर्शन किया। मजबूत तकनीकी समझ, टीमवर्क और लगातार बेहतर प्रदर्शन के दम पर टीम ने पहला स्थान हासिल किया।
विजेता टीम को 50 हजार रुपये नकद पुरस्कार, विनर्स ट्रॉफी और प्रमाणपत्र प्रदान किया गया। दोनों छात्रों को नेशनल लेवल क्विज फाइनल में भागीदारी के लिए FPSI की ओर से अलग-अलग प्रमाणपत्र भी दिए गए।
टीम के मेंटर डॉ. अजित कुमार ने छात्रों की सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि देशभर से आए प्रतिभागियों के बीच छात्रों का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा। उन्होंने कहा कि छात्रों की तकनीकी समझ, टीमवर्क और निरंतर मेहनत ने उन्हें प्रतियोगिता के प्रत्येक चरण में सफलता दिलाई।
फ्लूड पावर चैलेंज का उद्देश्य छात्रों के बीच फ्लूड पावर टेक्नोलॉजी की समझ विकसित करने के साथ हाइड्रोलिक्स और न्यूमैटिक्स के क्षेत्र में ज्ञान साझा करने, नवाचार तथा इंडस्ट्री-अकादमिक कनेक्ट को बढ़ावा देना है। IIT (ISM) के छात्रों की इस उपलब्धि को राष्ट्रीय स्तर पर संस्थान की तकनीकी प्रतिभा और प्रतिस्पर्धी क्षमता के मजबूत प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है।