गिरिडीह कोर्ट में अंतरिम जमानत के बावजूद मुखिया पुत्र को उठा ले गई पुलिस, अधिवक्ताओं के विरोध पर छोड़ना पड़ा
मुखिया की पत्नी ने हाईकोर्ट में दायर की याचिका
डीजे न्यूज, गिरिडीह : करीब एक माह पूर्व न्यायालय से फरार हुए नवडीहा पंचायत के मुखिया विनोद साव के पुत्र अभिषेक साव को गिरफ्तार करने पहुंची नगर थाना की पुलिस को भारी विरोध का सामना करना पड़ा। सोमवार को न्यायालय में आए अभिषेक साव को पुलिस ने गिरफ्तार कर गाड़ी में जबरन बैठा लिया था, वहीं बहन को भी जबरन ले जा रही थी। पुलिस को यह पता नहीं था कि जिस मामले में अभिषेक को गिरफ्तार करने गई थी, उस केस में जिला जज तृतीय की कोर्ट ने अंतरिम जमानत देते हुए गिरफ्तारी पर रोक लगाई थी। इसके बावजूद पुलिस दल-बल के साथ न्यायालय पहुंची और अधिवक्ता के सीट से गिरफ्तार कर लिया। जब अधिवक्ता ने कहा कि इस मामले में न्यायालय ने गिरफ्तारी पर रोक लगाया है। साथ ही कोर्ट का स्टे लगाया है। पुलिस इसके बावजूद कह रही थी दूसरे मामले में लेकर जा रहे हैं। जब अधिवक्ताओं ने कहा दूसरा कौन सा मामला है, केस नंबर क्या है, तो पुलिस की बोलती बंद हो गई और गिरफ्तार अभिषेक को पुलिस गाड़ी से उतारा। पुलिस की इस कार्रवाई से अधिवक्ताओं में रोष व्याप्त है। वहीं मुखिया विनोद साव की पत्नी ने हाई कोर्ट में याचिका दायर की है, जिसमें पुलिस पर उसके पति को गायब करने का आरोप लगाया गया है। इस मामले में नवडीहा ओपी पुलिस, एसपी, एसडीपीओ को पक्षकार बनाया गया है।