आजसू का जनसंवाद 11 को, दरी पर बैठकर ग्रामीणों से रूबरू होंगे सुदेश महतो
डीजे न्यूज, पीरटांड़ (गिरिडीह) : पीरटांड़ प्रखंड के नावाडीह पंचायत स्थित जमुआ मैदान में 11 अक्टूबर को आजसू पार्टी का जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित होगा। कार्यक्रम में पार्टी सुप्रीमो सुदेश कुमार महतो शामिल होकर ग्रामीणों, किसानों और युवाओं से सीधे संवाद करेंगे।
कार्यक्रम की खास बात यह होगी कि सुदेश महतो मंच से भाषण देने के बजाय दरी पर बैठकर आम लोगों से मुलाकात करेंगे और क्षेत्र की समस्याओं को सीधे सुनेंगे। जनसंवाद में विस्थापन, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार समेत क्षेत्र के ज्वलंत मुद्दों पर जनता से चर्चा की जाएगी।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को आजसू नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जमुआ मैदान का स्थल निरीक्षण किया। इसके बाद प्रेस बयान जारी कर कार्यक्रम की रूपरेखा की जानकारी दी गई। मौके पर आजसू के केंद्रीय महासचिव दीपक महतो, जिलाध्यक्ष गुड्डू यादव, टिकैत महतो, उत्कर्ष महतो, मेराज आलम, प्रकाश पंडित, मुकेश सोनार सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।
नेताओं ने बताया कि गिरिडीह विधानसभा उपचुनाव के मद्देनजर जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी केंद्रीय महासचिव दीपक महतो को सौंपी गई है। पार्टी ने ग्रामीणों से बड़ी संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।