डीएवी कोयला नगर में छात्र परिषद का अधिष्ठापन, नेतृत्व की नई जिम्मेदारियों का हुआ शंखनाद
डीजे न्यूज, धनबाद: डीएवी पब्लिक स्कूल कोयला नगर के जूनियर विंग में विद्यार्थियों में नेतृत्व, अनुशासन एवं उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने के उद्देश्य से छात्र परिषद का भव्य अधिष्ठापन समारोह आयोजित किया गया। समारोह का शुभारंभ तिलक व स्वागत गान से हुआ। इस अवसर पर सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव का स्वागत की परंपरा को एक नई सार्थक पहल से जोड़ते हुए एक पौधा भेंट किया गया, जो पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य का संदेश देता है।
सिटी एसपी ने विभिन्न पदों पर चयनित छात्र-छात्राओं को बैज प्रदान कर उन्हें उनके दायित्वों से अलंकृत किया। सत्र 2026–27 के लिए ऋत्विक कुमार को मुख्य छात्र एवं मून सरकार को मुख्य छात्रा चुना गया। वहीं नालंदा, तक्षशिला, विक्रमशिला एवं वल्लभी सदन के लिए कप्तान एवं उप-कप्तान का चयन किया गया।
कक्षा 3, 4 एवं 5 से राजवीर सिंह, मानवी सिंह, अयान गोस्वामी, सांवी पांडे, प्रशांत कुमार गर्ग एवं अदृति अवासा ने कक्षा समन्वयक के रूप में अपनी जिम्मेदारी संभाली।
विद्यालय की प्राचार्या डी. बनर्जी ने सभी नवनिर्वाचित छात्र पदाधिकारियों को विद्यालय के अनुशासन, मूल्यों एवं अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक पालन करने का संकल्प दिलाया। उन्होंने विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि नेतृत्व का वास्तविक अर्थ जिम्मेदारी, अनुशासन और अपने कार्यों से दूसरों के लिए उदाहरण प्रस्तुत करना है।
जूनियर विंग प्रभारी पापिया चटर्जी ने भी विद्यार्थियों को अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने एवं विद्यालय की गरिमा को बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नेतृत्व पद पाने का नहीं, जिम्मेदारी निभाने का नाम है।
समारोह का समापन नवनिर्वाचित छात्र पदाधिकारियों को सफल कार्यकाल की शुभकामनाओं के साथ हुआ। कार्यक्रम को सफल बनाने में अरविंद पात्रा, मौसमी दास, मोनी कुमारी , स्वाति पॉल , सुजॉय दास, मनीष कुमार, संगीत शिक्षक इंद्रनील मित्रा एवं कला शिक्षक सचिन कुमार का महत्वपूर्ण योगदान रहा। समारोह में विद्यार्थियों के बीच उत्साह, आत्मविश्वास एवं नेतृत्व की नई ऊर्जा स्पष्ट रूप से देखने को मिली।