आशीष कुमार बने एलआईसी म्यूच्यूअल फंड के प्रबंध निदेशक
डीजे न्यूज, धनबाद : धनबाद के एलआईसी शाखा में वरिष्ठ शाखा प्रबंधक के रूप में काम कर चुके आशीष कुमार ने एलआईसी म्यूचुअल फंड एंड एसेट मैनेजमेंट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी का पद संभाल लिया है।
उन्होंने एक के बाद एक आधिकारिक पद के बाद इस मुकाम को हासिल किया है। उनकी इस सफलता से धनबाद वासी गौरान्वित महसूस कर रहे हैं।
उनकी नियुक्ति 26 सितंबर से प्रभावी हुई है। आशीष कुमार को निवेश, कारोबार संचालन, वितरण, विपणन और संस्थागत नेतृत्व के क्षेत्र में तीन दशक से अधिक का अनुभव है।
एमडी एवं सीईओ की जिम्मेदारी संभालने से पहले वह एलआईसी म्यूचुअल फंड में मुख्य परिचालन अधिकारी (सीओओ) के पद पर कार्यरत थे।
इस दौरान उन्होंने परिचालन क्षमता मजबूत करने, कारोबारी दक्षता बढ़ाने और कंपनी के रणनीतिक लक्ष्यों से जुड़े कार्यों में जिम्मेदारी निभाई।
इससे पहले आशीष कुमार भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) में विभिन्न वरिष्ठ पदों पर कार्य कर चुके हैं। एलआईसी के केंद्रीय कार्यालय में उन्होंने चीफ (इन्वेस्टमेंट) और सेक्रेटरी (इन्वेस्टमेंट) जैसी जिम्मेदारियां भी संभालीं हैं।
आशीष कुमार बिहार के मूल निवासी हैं। उन्होंने सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से स्नातक की शिक्षा प्राप्त की। इसके बाद भारतीय प्रबंधन संस्थान, अहमदाबाद से पोस्ट ग्रेजुएट एग्जीक्यूटिव प्रोग्राम पूरा किया।