पीरटांड़ में किसान जनता पार्टी का धरना 47वें दिन भी जारी, अब जनता की अदालत में रखेंगे मांग
7 सदस्यीय कमेटी ने गांवों में शुरू किया अभियान
डीजे न्यूज, पीरटांड़ (गिरिडीह) : किसान जनता पार्टी का बेमियादी धरना शनिवार को 47वें दिन भी जारी रहा। मांगों पर अब तक किसी जनप्रतिनिधि या प्रशासनिक अधिकारी के संज्ञान नहीं लेने से नाराज किसानों ने धरना के साथ जनता की अदालत में भी अपनी मांगें रखने की रणनीति बनाई। इसे लेकर धरना स्थल पर बैठक हुई।
बैठक को संबोधित करते हुए पार्टी के केंद्रीय कमेटी अध्यक्ष सह अधिवक्ता अवधेश कुमार सिंह ने कहा कि गिरिडीह जिले के करीब 90 प्रतिशत किसानों की जमीन अब भी उनके मृत पूर्वजों के नाम पर है। आरोप लगाया कि उत्तराधिकार नामांतरण के लिए रिश्वत की मांग किए जाने के कारण किसानों को परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि झारखंड उच्च न्यायालय ने रिट याचिका संख्या 5925/2022 में गिरिडीह जिले के सभी मौजा के रजिस्टर टू की प्रमाणित प्रतिलिपि उपलब्ध कराने का आदेश दिया है, लेकिन अधिकारी आदेश का पालन नहीं कर रहे हैं। अब पार्टी धरना के साथ जनता के बीच जाकर अपनी मांगों को रखेगी।
जनता की अदालत में पार्टी की मांगों को रखने के लिए विक्रम मुर्मू, घनश्याम पंडित, संगीता मरांडी, सुंदर मुर्मू, बाटु मरांडी, विपिन बास्के और सुमनि सोरेन की सात सदस्यीय कमेटी बनाई गई। कमेटी के सदस्यों ने शनिवार से ही पीरटांड़ प्रखंड के गांवों से अभियान की शुरुआत कर दी है।
बैठक में दासो मुर्मू, जहांगीर अंसारी, राजेंद्र यादव, अफसर खान, ललिया देवी, गीता देवी, पानौ हेम्ब्रम, सरिता मरांडी सहित कई किसान मौजूद थे।