विश्वकर्मा मे हालपैक पलटने से ऑपरेटर की मौत पर हंगामा

विश्वकर्मा मे हालपैक पलटने से ऑपरेटर की मौत पर हंगामा

 प्रबंधन और यूनियन में बनी सहमति, डीजीएमएस ने लगाई उत्पादन पर रोक

डीजे न्यूज, धनसार, धनबाद : विश्वकर्मा परियोजना फेस में शुक्रवार को डम्पर पलटने से ऑपरेटर ललन नोनिया की मौत के बाद शनिवार को परियोजना हाजिरी घर के समीप कर्मियों ने जमकर हंगामा किया। राष्ट्रीय जनता कामगार संघ के बैनर तले कर्मियों ने शव को हाजिरी घर के पास रखकर विरोध प्रदर्शन किया। कर्मियों ने मृतक के आश्रित को तत्काल नियोजन, बेहतर दुर्घटना बीमा लाभ, दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई और परियोजना में सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की। यूनियन नेता अरविंद सिंह ने आरोप लगाया कि प्रबंधन द्वारा सैलरी अकाउंट राष्ट्रीयकृत बैंक में न खुलवाने के कारण मृतक का परिवार करीब एक करोड़ रुपये के दुर्घटना बीमा लाभ से वंचित रह गया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि चार महीने से खराब हालपैक वाहन को बिना मुकम्मल मरम्मत (टायर के पास तेल लीकेज) के जबरन काम पर लगवाया गया था, जिससे यह हादसा हुआ। हालांकि, अभियंता मुकुल सिन्हा ने तेल लीकेज की बात से इनकार किया है।आंदोलन के दौरान विभिन्न यूनियनें बटी नजर आईं। घटना के बाद डीजीएमएस के अधिकारियों ने स्थल का निरीक्षण कर परियोजना में उत्पादन कार्य पर तत्काल रोक लगा दी है। कुसुंडा महाप्रबंधक निखिल द्विवेदी ने मौके पर पहुंचकर कर्मियों से वार्ता की। प्रबंधन ने मृतक की पत्नी के खाते में नियमानुसार करीब 28 लाख रुपये भेजने, सोमवार को मृतक के पुत्र आशीष का मेडिकल कराकर नियोजन देने और सुरक्षा सुधारने का आश्वासन दिया, जिसके बाद लोग शांत हुए। इस दौरान कई अन्य स्थानीय यूनियन नेता विनय सिंह,छोटू राम, सच्चिदानन्द तिवारी,भुषण महतो,नंदलाल महतो,रविशंकर सिंह मौजूद रहे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top