फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज की बदहाली पर बरसे बाबूलाल मरांडी

फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज की बदहाली पर बरसे बाबूलाल मरांडी

दुमका पहुंचे बाबूलाल मरांडी, 30 इन्फ्लुएंसरों ने देखा विकास कार्य

 डीजे न्यूज, दुमका : झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री सह नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी शुक्रवार को मध्यप्रदेश से आए 30 सदस्यीय इन्फ्लुएंसर दल के साथ दुमका पहुंचे। श्रीअमड़ा में भाजपा जिलाध्यक्ष रूपेश मंडल के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने बाबूलाल मरांडी और इन्फ्लुएंसर दल का स्वागत किया। इस दौरान दल ने दुमका के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का भ्रमण कर विकास परियोजनाओं का जायजा लिया।

मेडिकल कॉलेज की व्यवस्था पर उठाए सवाल

बाबूलाल मरांडी ने इन्फ्लुएंसर दल के सदस्यों के साथ दिग्घी स्थित फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का भ्रमण किया। यहां स्वास्थ्य व्यवस्था और उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लेने के बाद उन्होंने अस्पताल की स्थिति पर सवाल उठाए। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का निर्माण पूर्ववर्ती भाजपा सरकार के कार्यकाल में कराया गया था, लेकिन आज इसकी स्थिति दयनीय है। अस्पताल में समुचित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध नहीं होने के कारण आम लोगों को अपेक्षित इलाज नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि जिस उद्देश्य से मेडिकल कॉलेज का निर्माण कराया गया था, वर्तमान व्यवस्था में वह उद्देश्य पूरा होता दिखाई नहीं दे रहा है।

सेल्फी ब्रिज का भी किया भ्रमण

इसके बाद बाबूलाल मरांडी के साथ मध्यप्रदेश से आए 30 सदस्यीय इन्फ्लुएंसर दल ने कुमड़ाबाद स्थित सेल्फी ब्रिज का भ्रमण किया। इस दौरान दल के सदस्यों को दुमका में विकसित विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं और आधारभूत संरचनाओं की जानकारी दी गई।

मध्यप्रदेश से आए इन्फ्लुएंसर दल के भ्रमण का उद्देश्य केंद्र की भाजपा सरकार और पूर्ववर्ती भाजपा सरकार के कार्यकाल में दुमका में किए गए विकास कार्यों एवं महत्वपूर्ण परियोजनाओं से उन्हें प्रत्यक्ष रूप से अवगत कराना था। दल के सदस्यों ने विभिन्न विकास परियोजनाओं का स्थलीय अवलोकन किया और उनके बारे में जानकारी प्राप्त की।

विकास कार्यों को देशभर तक पहुंचाने की पहल

भाजपा जिलाध्यक्ष रूपेश मंडल ने कहा कि दुमका में पूर्ववर्ती भाजपा सरकार के कार्यकाल में कई महत्वपूर्ण विकास योजनाओं की आधारशिला रखी गई और अनेक परियोजनाएं पूरी हुईं। इन विकास कार्यों को देश के अन्य हिस्सों से आए लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से इन्फ्लुएंसर दल का यह भ्रमण महत्वपूर्ण है।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुरेश मुर्मू, पिंटू अग्रवाल, निवास मंडल, पवन केसरी, विवेकानंद राय, जिला महामंत्री मृणाल मिश्रा, बिमल मरांडी, निवर्तमान जिलाध्यक्ष गौरवकांत, अमिता रक्षित, नगर अध्यक्ष संतोष साह, नवल किस्कू, मनीष कुमार, मनोज साह, दीप्तांशु कोचगवे, प्रवीण सिंह, शर्मीला सोरेन, श्रीदास दास, दिनेश सिंह और रानी सिंह सहित जिला पदाधिकारी, मंडल पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top