दुर्गा पूजा को लेकर पचम्बा पुलिस अलर्ट, पूजा समितियों के साथ बनी रणनीति
डीजे न्यूज, पचंबा, गिरिडीह : दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर पुलिस-प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में एसपी के निर्देश पर पचम्बा थाना परिसर में डीएसपी-2 आरके राणा के नेतृत्व में पूजा समितियों के पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में विभिन्न पूजा समितियों से पूजा के दौरान आने वाली संभावित समस्याओं, सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन समेत अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई। अधिकारियों ने पूजा समितियों को आयोजन के दौरान प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और किसी भी परिस्थिति में शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।
डीएसपी-2 आरके राणा ने कहा कि दुर्गापूजा के दौरान सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क रहेगी। पूजा समितियों से भी प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर काम करने को कहा गया। उन्होंने अपील की कि पूजा के दौरान किसी भी तरह की समस्या उत्पन्न होने पर समिति के सदस्य तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते उसका समाधान किया जा सके।
बैठक में अधिकारियों ने भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने, यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने तथा श्रद्धालुओं की सुविधा का ध्यान रखने पर जोर दिया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है।