पीरटांड़ के घटियारी-हंसालो में जर्जर सड़क बनी आफत, पैदल चलना भी मुश्किल
कुलमती नदी पर पुल नहीं होने से बरसात में थम जाता है आवागमन
तीन किलोमीटर की बदहाल सड़क और पुल के अभाव की दोहरी मार झेल रहे तीन गांव के ग्रामीण, वर्षों से कर रहे हैं मांग
डीजे न्यूज, पीरटांड़ (गिरिडीह) : प्रखंड क्षेत्र के घटियारी, हंसालो एवं जमुआ गांव के ग्रामीण लंबे समय से जर्जर सड़क और कुलमती नदी पर पुल के अभाव की दोहरी समस्या झेल रहे हैं।मधुपुर मुख्य सड़क से घटियारी, हंसालो, पुरनानगर होते हुए कुलमती नदी तक जाने वाली करीब तीन किलोमीटर सड़क की स्थिति बदहाल हो चुकी है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े पत्थर और गड्ढे उभर आए हैं। ऐसे में इस मार्ग से पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।ग्रामीणों के अनुसार, घटियारी और हंसालो गांव के लिए यह सड़क आवागमन का महत्वपूर्ण मार्ग है। इसी रास्ते से ग्रामीण बाजार, विद्यालय, अस्पताल सहित अन्य जरूरी कार्यों के लिए आते-जाते हैं। सड़क खराब होने के कारण दोपहिया और चारपहिया वाहनों के परिचालन में काफी परेशानी होती है। कई जगह सड़क पर उभरे पत्थर और गड्ढे दुर्घटना को भी आमंत्रण दे रहे हैं।पुल नहीं होने से बरसात में बढ़ती है परेशानीग्रामीणों ने बताया कि सड़क की बदहाली के साथ कुलमती नदी पर पुल नहीं होना सबसे बड़ी समस्या है। बरसात के दिनों में नदी का जलस्तर बढ़ने पर आवागमन प्रभावित हो जाता है। नदी पार करने में ग्रामीणों को काफी परेशानी होती है। कई बार लोगों को दूसरे रास्ते से लंबी दूरी तय कर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि सड़क की मरम्मत के साथ कुलमती नदी पर पुल का निर्माण हो जाए तो तीनों गांवों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।वर्षों से कर रहे मांगग्रामीण नुनु लाल हेंब्रम, बहामुनि हेंब्रम, पोलिना हेंब्रम, अनिता हेंब्रम, बड़की देवी, शहोदी देवी, बैसल हेंब्रम और अन्य ग्रामीण वर्षों से सड़क और पुल की मांग कर रहे हैं।