थाईलैंड के “वाट अरुण” मंदिर की तर्ज पर निर्मित पंडाल में विराजमान होंगी मां दुर्गा
डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद):
इस बार दुर्गोत्सव में जीएनएम हाई स्कूल मैदान एक बार फिर भव्यता और आस्था का अद्भुत केंद्र बनने जा रहा है। यहां थाईलैंड (बैंकॉक) के सुप्रसिद्ध ‘ वाट अरुण’ (Wat Arun) मंदिर हलकी तर्ज पर निर्मित पंडाल में मां दुर्गे विराजमान होंगी। यह मंदिर “भोर का मंदिर” के नाम जाना जाता है।
रविवार को मीडिया को जानकारी देते हुए पूजा समिति के सचिव अमन जायसवाल ने बताया कि 140 फीट लंबा और 150 फीट ऊंचा पंडाल बनाया जा रहा है। पिछले वर्ष धनबाद जिले में भव्यता के मामले में दूसरा स्थान हासिल कर रजत पुरस्कार जीतने वाली यह समिति इस बार पूरे झारखंड राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त करने के लक्ष्य के साथ तैयारियों में जुटी है।
उन्होंने बताया कि इस भव्य पंडाल की संरचना को आकार देने का काम पश्चिम बंगाल के मेदिनीपुर के प्रसिद्ध ‘भूनिया डेकोरेटर’ द्वारा किया जा रहा है। पंडाल की सबसे खास बात इसकी सजावट होगी, जिसमें समुद्र के प्राकृतिक शंख, कौड़ियों और सीप का विशेष रूप से इस्तेमाल किया जा रहा है। इसके साथ ही मेदिनीपुर के मनीष लाइट द्वारा की जाने वाली आकर्षक विद्युत सज्जा पूरे परिसर को जगमग करेगी। मूर्ति का निर्माण प्रख्यात मूर्तिकार सजल जी कर रहे हैं, जबकि पूजा-अर्चना का दायित्व पुरुलिया के आचार्य पंडित गौतम चक्रवर्ती संभालेंगे।
मेले में मनोरंजन और खरीदारी के भी व्यापक प्रबंध किए गए हैं। विशाल मीना बाजार के साथ-साथ ब्रेक डांस, तारामाची जैसे कई पारंपरिक और आधुनिक झूले लगाए जा रहे हैं, जिनमें इस बार ‘ग्रैविटी झूला’ लोगों के मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेगा। यह भव्य मेला 26 अक्टूबर तक चलेगा, जिसमें लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा और सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। पंडाल परिसर के चारों तरफ सुगम पार्किंग और महिला शौचालय की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा के लिहाज से पूरे मेला परिसर में सीसीटीवी कैमरे, वॉकी-टॉकी से लैस सैकड़ों वॉलिंटियर और आपात स्थिति के लिए एंबुलेंस तैनात रहेगी। स्थानीय प्रशासन का पूरा सहयोग लिया जा रहा है और सरकारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन किया जाएगा।
प्रेस वार्ता में समिति के अध्यक्ष पंकज सिन्हा, सचिव अमन जायसवाल, कोषाध्यक्ष चंद्रकांत कुमार, शंकर जायसवाल, मुकेश भट्ट, सरोज विश्वकर्मा, बबलू चौरसिया, दिलीप टरवे,शैलेंद्र सिन्हा, कुलदीप सिंह, विनोद रजक, मोनू सिंह, राखो हरि पटवा, प्रीतम रवानी, सोनू शर्मा, गणेश मोदक, प्रदीप लाला, गोपाल बॉस, अप्पू साहू, प्रभाकर दत्ता, ईश्वर शर्मा, सुनील यादव, कौशल ठाकुर, शिवम दसौंधी, राजेंद्र ठाकुर, निखिल राय, टिंकू खंडेलवाल, नक्कू सिंह, अजय स्वर्णकार, राहुल रजक, शिवम सिंह, रोनित मोदक , भोला मोदक, सचिन मोदक, राकेश प्रामाणिक, पीयूष प्रामाणिक, तापस दे, आयुष चौरसिया, सुजल चौरसिया, बिट्टू शर्मा, अभिषेक शरण, अजय महतो, प्रकाश पटवा, अमन सिन्हा, अमन रवानी, अभिषेक मोदक, स्वर्णजीत सिंह, राजू महतो, दीपू रवानी, भीम महतो, सुमित सिंह, सागर कुमार, संजय सिंह, रूपेश सिंह, सोनू सिंह, कौशल सिन्हा, कुणाल सिन्हा, शेखर प्रामाणिक आदि उपस्थित थे।