सहिया चयन पर उठे सवाल, वोटिंग नहीं कराने का आरोप

सहिया चयन पर उठे सवाल, वोटिंग नहीं कराने का आरोप

डीजे न्यूज,पचंबा,गिरिडीह : पचम्बा स्थित महात्मा गांधी मिडिल स्कूल में सहिया के दो पदों पर चयन को लेकर विवाद सामने आया है। चयन प्रक्रिया में कथित तौर पर नियमों का पालन नहीं किए जाने और वोटिंग नहीं कराने को लेकर अन्य उम्मीदवारों ने सवाल उठाए हैं।

जानकारी के अनुसार, सहिया के दो पदों के लिए कुल सात महिलाओं ने आवेदन किया था। उम्मीदवारों के समर्थन में उनके-अपने क्षेत्र से करीब 70 से 80 महिलाएं भी मौके पर पहुंची थीं। चयन प्रक्रिया के बाद गांधारी देवी और रजनी देवी को सहिया पद के लिए चयनित किया गया।

चयन के बाद अन्य उम्मीदवारों ने आपत्ति जताते हुए आरोप लगाया कि चयन के दौरान निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया। उनका कहना था कि उम्मीदवारों के बीच वोटिंग कराए बिना ही दो महिलाओं का चयन कर लिया गया।

इधर, वार्ड नंबर-1 के पार्षद ने चयन प्रक्रिया का बचाव करते हुए कहा कि चयनित दोनों उम्मीदवारों के पास संबंधित क्षेत्र में कार्य करने का पूर्व अनुभव है। उनके अनुसार, रजनी देवी ने सदर अस्पताल में करीब दो वर्षों तक कार्य किया है, जबकि गांधारी देवी को एक एनजीओ में काम करने का अनुभव है। इसी योग्यता और अनुभव को आधार बनाकर दोनों का चयन किए जाने की बात पार्षद ने कही।

सहिया चयन को लेकर सामने आए आरोपों के बाद अब चयन प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top