श्रद्धांजलि का अनूठा अंदाज: पिता की याद में सृष्टि-समृद्धि ने बच्चों और बुजुर्गों के साथ बांटी खुशियां
डीजे न्यूज, गिरिडीह : दिवंगत मंत्री एवं सदर विधायक सुदिव्य कुमार सोनू के निधन के 13वें दिन उनकी पुत्रियों सृष्टि और समृद्धि ने सेवा कार्य के जरिए अपने पिता को श्रद्धांजलि अर्पित की। दोनों बेटियां अजीडीह स्थित नेत्रहीन बाल विकास विद्यालय पहुंचीं और वहां रहने वाले बच्चों के बीच फल एवं प्रसाद का वितरण किया।
इसके बाद सृष्टि और समृद्धि स्नेह दीप वृद्धा आश्रम पहुंचीं। यहां उन्होंने बुजुर्गों के बीच फल और प्रसाद बांटे तथा उनके साथ समय बिताकर हालचाल जाना। बच्चों और बुजुर्गों के बीच पहुंचकर बेटियों ने पिता की स्मृति में सेवा का संदेश दिया।
पिता के निधन के बाद परिवार के लिए भावुक कर देने वाले इस अवसर पर सृष्टि और समृद्धि ने किसी औपचारिक आयोजन के बजाय जरूरतमंद बच्चों और बुजुर्गों के बीच पहुंचकर सेवा कार्य को प्राथमिकता दी। इस दौरान मौजूद लोगों ने भी इस पहल को सुदिव्य कुमार सोनू की स्मृति को समर्पित श्रद्धांजलि बताया।
कार्यक्रम में गिरिडीह की महापौर प्रमिला मेहरा, मुखिया उषा देवी, महानगर अध्यक्ष रॉकी सिंह, अभय सिंह, दिलीप रजक, राकेश रंजन, भरत यादव, संजय वर्मा सहित बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता मौजूद रहे।