सांस्कृतिक प्रतिभा का दिखा दम, स्कॉलर बीएड कॉलेज ने चार पुरस्कार जीत बढ़ाया गिरिडीह का मान

सांस्कृतिक प्रतिभा का दिखा दम, स्कॉलर बीएड कॉलेज ने चार पुरस्कार जीत बढ़ाया गिरिडीह का मान

लोक नृत्य और लोकगीत में प्रथम स्थान हासिल कर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बनाई जगह

डीजे न्यूज, गिरिडीह : जिला स्तरीय युवा महोत्सव 2026-27 में स्कॉलर बीएड कॉलेज, गिरिडीह के प्रशिक्षु विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए चार पुरस्कार हासिल किए। तीन नवंबर को जिला खेल कार्यालय के तत्वावधान में जिला खेल पदाधिकारी अर्जुन बरला के नेतृत्व में आयोजित इस महोत्सव में कॉलेज के प्रतिभागियों ने लोक नृत्य, लोक गीत और नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

कॉलेज के मल्टीपरपज हॉल में आयोजित महोत्सव का उद्घाटन मुख्य अतिथि प्रमंडलीय वन पदाधिकारी मनीष तिवारी की उपस्थिति में हुआ। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इसमें समूह एवं एकल श्रेणी की विभिन्न सांस्कृतिक और रचनात्मक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।

स्कॉलर बीएड कॉलेज के विद्यार्थियों ने लोक नृत्य में प्रथम, लोक गीत में प्रथम एवं तृतीय तथा नुक्कड़ नाटक में तृतीय स्थान प्राप्त किया। लोक नृत्य और लोक गीत में प्रथम स्थान हासिल करने वाली कॉलेज की दोनों टीमें राज्य स्तरीय युवा महोत्सव के लिए चयनित हुई हैं। अब ये टीमें राज्य स्तर पर गिरिडीह का प्रतिनिधित्व करेंगी।

इस उपलब्धि पर कॉलेज की प्राचार्या डॉ. शालिनी खोवाला ने विजेता विद्यार्थियों, नृत्य एवं संगीत प्रशिक्षकों तथा सहायक प्राध्यापकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत, सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति लगाव और शिक्षकों के मार्गदर्शन से यह सफलता मिली है। उन्हें उम्मीद है कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी विद्यार्थी बेहतर प्रदर्शन कर गिरिडीह का नाम रोशन करेंगे।

मौके पर कॉलेज के सभी प्राध्यापक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी एवं प्रशिक्षु विद्यार्थियों ने विजेता टीमों का उत्साहवर्धन किया। कॉलेज प्रबंधन ने प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top