भाजपा ने विधायक राज को सौंपी जमशेदपुर की जिम्मेदारी
“लोकतंत्र बचाओ – अराजकता हटाओ” कार्यक्रम को सफल बनाने की तैयारी में जुटे विधायक
डीजे न्यूज, धनबाद: भारतीय जनता पार्टी ने “लोकतंत्र बचाओ – अराजकता हटाओ” कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विधानसभा के सचेतक सह धनबाद विधायक राज सिन्हा को जमशेदपुर ग्रामीण एवं महानगर का जिला का प्रभारी नियुक्त किया है।
प्रदेश नेतृत्व द्वारा सौंपी गई इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के निर्वहन हेतु विधायक राज सिन्हा 03 नवंबर से ही जमशेदपुर में प्रवास कर रहे हैं। वे कार्यक्रम की व्यापक सफलता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पार्टी के जिला एवं मंडल स्तर के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा कार्यकर्ताओं के साथ लगातार संपर्क एवं समन्वय स्थापित कर संगठनात्मक तैयारियों को गति दे रहे हैं।
विधायक राज सिन्हा ने कहा कि लोकतंत्र केवल शासन व्यवस्था नहीं, बल्कि जनता के अधिकारों, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और संवैधानिक मूल्यों की आत्मा है। लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने वाली प्रवृत्तियों के विरुद्ध जनता की आवाज बुलंद करना आज समय की मांग है। भाजपा का यह अभियान लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा, जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने और जनता के अधिकारों के प्रति जागरूकता पैदा करने का सशक्त माध्यम बनेगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की शक्ति है। कार्यकर्ताओं की एकजुटता, समर्पण और जनसंपर्क के बल पर इस कार्यक्रम को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाया जाएगा। पार्टी का उद्देश्य केवल विरोध दर्ज कराना नहीं, बल्कि जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए लोकतांत्रिक मूल्यों एवं जनता के हितों की रक्षा के लिए मजबूती से खड़ा होना है।
उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि लोकतंत्र की रक्षा, जनहित की आवाज और संगठन की मजबूती ही हमारा संकल्प है। जमशेदपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं की एकजुटता और जनता की भागीदारी से “लोकतंत्र बचाओ – अराजकता हटाओ” कार्यक्रम को एतिहासिक सफल बनाया जाएगा।