काली मंदिर के पास चल रही अवैध कोयला खदान पर पुलिस-CISF का शिकंजा
संभावित हादसे की आशंका से सहमे थे कॉलोनीवासी, संयुक्त कार्रवाई से मिली राहत
डीजे न्यूज,तिसरा,धनबाद : तिसरा थाना क्षेत्र के चांदकुईयां पंचायत स्थित पांच नंबर में काली मंदिर के समीप तीन तल्ला के पीछे संचालित अवैध कोयला खदान के खिलाफ पुलिस और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने संयुक्त कार्रवाई की। इस दौरान अवैध खदान के मुहाने की भराई कराई गई।
बताया जाता है कि इस इलाके में लंबे समय से अवैध कोयला खनन की गतिविधियां संचालित होने की आशंका जताई जा रही थी। खदान के आसपास कॉलोनी होने के कारण स्थानीय लोग हमेशा किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका से सहमे रहते थे। अवैध खनन से जमीन धंसने और अन्य हादसों का खतरा बना हुआ था।
सूत्रों के अनुसार, इसी मुहाने से कोयले की कटिंग कर बाहर भेजने की तैयारी थी। इसकी सूचना प्रबंधन, प्रशासन और CISF को मिलने के बाद संयुक्त कार्रवाई की गई और अवैध खदान की भराई कराई गई।
पुलिस और CISF की इस कार्रवाई से आसपास रहने वाले कॉलोनीवासियों ने राहत की सांस ली है। स्थानीय लोगों ने अवैध खनन के खिलाफ उठाए गए कदम का स्वागत करते हुए ऐसी गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने की मांग की।
गौरतलब है कि केंद्रीय गृह मंत्रालय के ‘जीरो कोल लीकेज’ अभियान के तहत CISF की ओर से अवैध कोयला खनन और कोयले की चोरी पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अवैध खदानों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है।