आरएसमोर कॉलेज में ‘धनबाद हॉस्पिटैलिटी सेंटर’ का भव्य उद्घाटन

आरएसमोर कॉलेज में ‘धनबाद हॉस्पिटैलिटी सेंटर’ का भव्य उद्घाटन

युवाओं को मिलेगा 45 दिनों का निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण व रोजगार का अवसर

डीजे न्यूज, धनबाद: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने आर.एस. मोर कॉलेज, गोविंदपुर परिसर में गुरुवार को ‘धनबाद हॉस्पिटैलिटी सेंटर’ का फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया। यह केंद्र जिला प्रशासन धनबाद एवं एचडीएफसी बैंक व बैंक ऑफ इंडिया के सहयोग से ‘प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन’ द्वारा संचालित किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत उपायुक्त एवं उप विकास आयुक्त द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई।

इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि इस केंद्र का मुख्य उद्देश्य स्थानीय युवाओं को उद्योग की मांग के अनुरूप प्रशिक्षित कर आत्मनिर्भर बनाना है। केंद्र में मल्टी फंक्शनल ऑफिस एसोसिएट्स तथा फूड एंड बेवरेज जैसे रोजगारोन्मुख पाठ्यक्रमों का संचालन किया जाएगा। 45 दिनों का यह गहन आवासीय या गैर-आवासीय प्रशिक्षण पूरा करने वाले सभी सफल विद्यार्थियों को राष्ट्रीय कौशल विकास निगम का मान्यता प्राप्त प्रमाण पत्र दिया जाएगा। साथ ही, कोर्स पूरा होने के तुरंत बाद विद्यार्थियों को शत-प्रतिशत प्लेसमेंट सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी। यह हॉस्पिटैलिटी सेंटर जिले के युवाओं को तकनीकी व व्यावहारिक रूप से दक्ष बनाकर उनके लिए रोजगार के नए द्वार खोलेगा।

उपायुक्त ने कहा कि कॉलेज परिसर में इस कौशल विकास केंद्र की शुरुआत का मुख्य उद्देश्य प्राचार्य एवं फैकल्टी के सहयोग से अधिक से अधिक विद्यार्थियों को इसका सीधा लाभ पहुंचाना है। यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि केंद्र में कोई भी सीट रिक्त न रहे।

उपायुक्त ने प्रशिक्षण में अनुशासन और नियमित उपस्थिति के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सामान्य कॉलेज डिग्री की तुलना में स्किल डेवलपमेंट पाठ्यक्रम छोटे और समयबद्ध होते हैं। इसमें एक भी दिन की अनुपस्थिति प्रशिक्षणार्थी को काफी पीछे कर सकती है, इसलिए सभी छात्र-छात्राएं शत-प्रतिशत उपस्थिति बनाए रखें और केंद्र का पूरा लाभ उठाकर अपने भविष्य को संवारें।

वहीं, एचडीएफसी बैंक के जीआइबी स्टेट हेड परविंदर सिंह तथा आर.एस. मोर कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रवीण कुमार ने युवाओं को इस अवसर का लाभ उठाकर अपने करियर को नई दिशा देने के लिए प्रेरित किया।

‘धनबाद हॉस्पिटैलिटी सेंटर’ में बैंक ऑफ इंडिया द्वारा कंप्यूटर, फर्नीचर के अलवा अन्य सामग्री प्रदान की गई है।

समारोह में उपायुक्त  आदित्य रंजन, उप विकास आयुक्त  सन्नी राज, एचडीएफसी बैंक के जीआइबी स्टेट हेड परविंदर सिंह, आर.एस. मोर कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रवीण कुमार, डीएमएफटी टीम लीडर  शैलेश तिवारी, एचडीएफसी बैंक के शाखा प्रबंधक गौतम चंद्र, एलडीएम अमित कुमार, बैंक ऑफ इंडिया के प्रबंधक शशि शेखर कुमार,  बिश्वजीत कुमार, प्रशांत कुमार, अमर कुमार श्रीवास्तव, डीएमएफटी परियोजना पदाधिकारी  बुलबुल, झारखंड स्किलिंग स्टेट हेड, प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन, अरविंद, स्टेट एचआर, प्रथम टीम, बुधदेव लोहर, क्लस्टर हेड,  निर्भय, सेंटर इंचार्ज के साथ-साथ प्रथम संस्था के सभी प्रतिनिधि, सेंटर में नामांकित छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top