दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार के श्राद्ध को लेकर 17 सितंबर को गिरिडीह में भारी वाहनों की नो-एंट्री, रात तक लागू रहेगा प्रतिबंध

दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार के श्राद्ध को लेकर 17 सितंबर को गिरिडीह में भारी वाहनों की नो-एंट्री, रात तक लागू रहेगा प्रतिबंध

डीजे न्यूज, गिरिडीह : दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार के श्राद्ध (बारहवीं) कार्यक्रम को लेकर 17 सितंबर गुरुवार को गिरिडीह शहरी क्षेत्र की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के जुटने और वीवीआईपी/वीआईपी के आगमन की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने शहर में भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश और आवागमन पर रोक लगाने का निर्णय लिया है।

अनुमंडल पदाधिकारी-सह-अनुमंडल दंडाधिकारी, गिरिडीह की ओर से जारी आम सूचना के अनुसार, 17 सितंबर को सुबह नौ बजे से रात 11:59 बजे तक गिरिडीह शहरी क्षेत्र में भारी मालवाहक वाहनों का आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। प्रशासन ने यह व्यवस्था संभावित भीड़, बढ़ते यातायात दबाव और विधि-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए की है।

यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए संबंधित पदाधिकारियों और पुलिस बल को आवश्यक निगरानी रखने तथा प्रतिबंध का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। प्रशासन ने वाहन चालकों से निर्धारित अवधि में भारी मालवाहक वाहन लेकर शहर में प्रवेश नहीं करने की अपील की है।

आम लोगों से भी कार्यक्रम के दौरान अनावश्यक रूप से यातायात बाधित नहीं करने तथा पुलिस-प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top