ओजोन परत बचाने को छात्रों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प

ओजोन परत बचाने को छात्रों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प

डीजे न्यूज, धनबाद : विश्व ओजोन दिवस के अवसर पर आईआईटी (आईएसएम) धनबाद में बुधवार को पर्यावरण संरक्षण को लेकर दिनभर कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम की शुरुआत शताब्दी पार्क में पौधरोपण से हुई। संस्थान के हॉर्टिकल्चर सेक्शन की ओर से आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम में रजिस्ट्रार प्रबोध पांडे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

मौके पर पर्यावरण विज्ञान एवं इंजीनियरिंग विभाग के प्रमुख सह ईआईएसीपी सेंटर के कोऑर्डिनेटर प्रो. आलोक सिन्हा, प्रोफेसर (एचएजी) प्रो. सुनील कुमार गुप्ता तथा एसोसिएट प्रोफेसर सह ईआईएसीपी सेंटर के को-कोऑर्डिनेटर प्रो. सुरेश पांडियन मौजूद रहे।

इसके बाद पर्यावरण विज्ञान एवं इंजीनियरिंग विभाग के ईआईएसीपी प्रोग्राम सेंटर की ओर से “ग्लोबल एक्शन फॉर अ कूलर प्लैनेट” थीम पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से हुआ। इसमें आईआईटी (आईएसएम) के यूजी-पीजी छात्रों के साथ धनबाद के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने ओजोन परत की सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन की चुनौती से निपटने के लिए सामूहिक प्रयास की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण को केवल जागरूकता कार्यक्रमों तक सीमित रखने के बजाय इसे दैनिक जीवन की आदतों में शामिल करना जरूरी है।

प्रो. सुरेश पांडियन ने “ग्लोबल एक्शन फॉर अ कूलर प्लैनेट” विषय पर की-नोट लेक्चर दिया। उन्होंने मॉन्ट्रियल प्रोटोकॉल और किगाली अमेंडमेंट की भूमिका के साथ ओजोन परत में कमी और जलवायु परिवर्तन के बीच संबंधों पर विद्यार्थियों को जानकारी दी।

इस दौरान ओजोन डे क्विज और पीपीटी प्रेजेंटेशन प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। क्विज में ओजोन परत, ओजोन को नुकसान पहुंचाने वाले पदार्थों तथा वैश्विक समझौतों से जुड़े सवाल पूछे गए। वहीं विद्यार्थियों ने पीपीटी के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और क्लाइमेट एक्शन से जुड़े विचार प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागियों ने मिशन LiFE (लाइफस्टाइल फॉर एनवायरनमेंट) की शपथ ली और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार व्यवहार अपनाने तथा टिकाऊ जीवनशैली को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top