धनबाद में वेतन भुगतान पर बवाल, बिना आदेश के नए सहायक आचार्यों को दे दिया अक्टूबर का वेतन, डीएसई ने मांगा 2 दिन में जवाब
डीजे न्यूज, धनबाद : जिला शिक्षा अधीक्षक, धनबाद कार्यालय से एक सख्त पत्र जारी हुआ है। मंगलवार को जारी इस पत्र में निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी, मध्य विद्यालय कोलाकुसमा, प्रखण्ड-धनबाद एवं बोर्ड मध्य विद्यालय बलियापुर, बालक, प्रखण्ड-बलियापुर से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
पत्र में कहा गया है कि अधोहस्ताक्षरी कार्यालय के पत्रांक 1577, दिनांक 09.06.2026 के द्वारा जिले में नवनियुक्त सहायक आचार्यों का शपथ पत्र के आधार पर माह सितम्बर 2026 तक के वेतन भुगतान का आदेश निर्गत किया गया है। बावजूद इसके आपके द्वारा बिना किसी आदेश के धनबाद एवं बलियापुर प्रखण्ड में नवनियुक्त सहायक आचार्यों का माह अक्टूबर 2026 का वेतन भुगतान किया गया है। पत्र में कहा गया है कि आपका यह कृत्य विभागीय उच्चाधिकारी के आदेश का अवहेलना, वित्तीय अनियमितता तथा कार्य के प्रति घोर लापरवाही को स्पष्ट रूप से परिलक्षित करता है। अतः उक्त के आलोक में आप दो दिनों के अन्दर स्पष्ट करेंगे कि किस परिस्थिति में आपके द्वारा बिना किसी आदेश के नवनियुक्त सहायक आचार्यों का वेतनादि का भुगतान किया गया है तथा अगर प्रमाण पत्र सत्यापन के क्रम में अगर किसी सहायक आचार्य का प्रमाण पत्र गलत पाया जाता है, तो अनियमित निकासी की जिम्मेवारी किसकी होगी?पत्र की प्रति रीना कुमारी, निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी तथा कोषागार वाहक एवं विपत्र लिपिक, मध्य विद्यालय कोलाकुसमा, प्रखण्ड-धनबाद एवं बोर्ड मध्य विद्यालय बलियापुर, बालक, प्रखण्ड-बलियापुर को भेजी गई है।