जनसंपर्क से श्वेता शर्मा ने बढ़ाई सक्रियता, कार्यकर्ताओं का बांटा दर्द 

जनसंपर्क से श्वेता शर्मा ने बढ़ाई सक्रियता, कार्यकर्ताओं का बांटा दर्द 

सुनीं लोगों की समस्याएं

डीजे न्यूज, गिरिडीह : दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू की पत्नी श्रीमती श्वेता शर्मा उर्फ श्वेता सोनू ने मंगलवार, 3 नवंबर को गिरिडीह शहरी क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने बीमार झामुमो कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना, कार्यकर्ताओं के परिवारों से संवाद किया और एक दिवंगत व्यक्ति के परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की। वहीं, विभिन्न इलाकों में महिलाओं और स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। इस दौरान संगठन के कार्यकर्ताओं और आम लोगों के साथ उनका संवाद राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियों के लिहाज से महत्वपूर्ण रहा।

बीमार कार्यकर्ताओं से मिलकर जाना हालचाल

वार्ड नंबर 13 के झामुमो कार्यकर्ता वकील बेसरा के अस्वस्थ होने की सूचना मिलने पर श्रीमती श्वेता शर्मा जंगलपुरा स्थित उनके आवास पहुंचीं। वहां उन्होंने वकील बेसरा और उनके परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

इसी क्रम में वार्ड नंबर 13 के झामुमो कार्यकर्ता रतन दास के बीमार रहने की सूचना पर वह शीतलपुर स्थित उनके आवास पहुंचीं। यहां भी उन्होंने रतन दास एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

क्षेत्र भ्रमण के दौरान श्वेता शर्मा सिहोडीह पहुंचीं, जहां झामुमो कार्यकर्ता सुशील शर्मा एवं मनदीप शर्मा के घर जाकर उनके परिवार के सदस्यों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना।

मैगजीनिया में महिलाओं ने किया स्वागत, समस्याओं के समाधान का दिया भरोसा

जनसंपर्क अभियान के दौरान श्वेता शर्मा वार्ड नंबर 13 के वार्ड पार्षद प्रतिनिधि सोमर मरांडी से मिलने मैगजीनिया पहुंचीं। यहां सैकड़ों महिलाओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान महिलाओं ने चुनाव में उन्हें भरपूर समर्थन देने का ऐलान किया। महिलाओं के साथ विभिन्न राजनीतिक और स्थानीय मुद्दों पर भी बातचीत हुई। श्वेता शर्मा ने महिलाओं को भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में उनकी समस्याओं के समाधान के लिए पहल की जाएगी।

दिवंगत सुबोध राय के परिजनों से मिलकर जताया शोक

वहीं, 26 अक्टूबर को ऑर्बिट सिनेमा के समीप रहने वाले सुबोध राय के असामयिक निधन की सूचना पर मंगलवार को श्रीमती श्वेता शर्मा उर्फ श्वेता सोनू उनके परिजनों से मिलने पहुंचीं। उन्होंने शोकाकुल परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त की। साथ ही परिवार को भरोसा दिलाया कि वह हमेशा उनके सुख-दुख में साथ खड़ी रहेंगी।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top