सुदिव्य कुमार सोनू को बचाने चिकित्सकों ने किए हरसंभव प्रयास, मर्सी हॉस्पिटल ने जताया शोक

सुदिव्य कुमार सोनू को बचाने चिकित्सकों ने किए हरसंभव प्रयास, मर्सी हॉस्पिटल ने जताया शोक

डीजे न्यूज, गिरिडीह : झारखंड सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री एवं गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू के असामयिक निधन पर मर्सी हॉस्पिटल, गिरिडीह परिवार ने गहरा शोक व्यक्त किया है। अस्पताल प्रबंधन ने कहा कि उनके निधन से गिरिडीह ही नहीं, बल्कि पूरे झारखंड को अपूरणीय क्षति हुई है।

जानकारी के अनुसार, सुदिव्य कुमार सोनू को रविवार देर रात करीब 2:15 बजे गंभीर अवस्था में मर्सी हॉस्पिटल लाया गया। अस्पताल पहुंचने से लगभग दो घंटे पूर्व से उन्हें सीने में दर्द की शिकायत थी। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों की टीम ने तत्काल उपचार शुरू किया। उल्टी की सामग्री श्वसन मार्ग एवं फेफड़ों में चले जाने के कारण उनकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई थी।

अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने तत्काल इंट्यूबेशन कर श्वसन नली को सुरक्षित किया। इसके साथ ही वेंटिलेटर सहित आवश्यक जीवनरक्षक उपचार शुरू किया गया। उस समय उनका रक्तचाप भी रिकॉर्ड नहीं हो पा रहा था।

उपचार के दौरान उनकी स्थिति और गंभीर हो गई तथा उन्हें कार्डियक अरेस्ट हुआ। इसके बाद चिकित्सकों की टीम ने तत्काल सीपीआर समेत अन्य पुनर्जीवन प्रयास शुरू किए। चिकित्सकों ने उन्हें बचाने के लिए लगातार हरसंभव प्रयास किया, लेकिन उनकी स्थिति में सुधार नहीं हो सका। करीब सुबह चार बजे चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मर्सी हॉस्पिटल के निदेशकों एवं सीईओ ने सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि उनका असामयिक निधन गिरिडीह सहित पूरे झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति है। जनसेवा और क्षेत्र के विकास में उनके योगदान को सदैव याद किया जाएगा।

अस्पताल के चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ एवं समस्त कर्मचारियों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक-संतप्त परिजनों, समर्थकों एवं शुभचिंतकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top