यूजीसी के समर्थन में धनबाद में रैली की तैयारी

यूजीसी के समर्थन में धनबाद में रैली की तैयारी

डीजे न्यूज, झरिया(धनबाद): आरक्षण और संवैधानिक अधिकारों के मुद्दे पर धनबाद में आंदोलन की तैयारी तेज हो गई है। बस्ताकोला माइंस रेस्क्यू दुर्गा मंडप परिसर में गुरुवार को संविधान बचाओ संघर्ष समिति की बैठक में आरक्षण के मुद्दे पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में यूजीसी के समर्थन में धनबाद में विशाल रैली आयोजित करने की रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया। वक्ताओं ने स्पष्ट कहा कि आरक्षण और संविधान से किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी और इसके खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से जोरदार आंदोलन किया जाएगा।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 6 सितंबर को धनबाद में एक बड़ी बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें प्रस्तावित विशाल रैली की तिथि, स्थान, रूपरेखा और आंदोलन की आगे की रणनीति तय की जाएगी। समिति ने अभियान को व्यापक बनाने के लिए अधिक से अधिक लोगों को इससे जुड़ने का आह्वान किया।
वक्ताओं ने कहा कि संविधान ने वंचित और पिछड़े वर्गों को अधिकार, सम्मान और समान अवसर के साथ आगे बढ़ने का रास्ता दिया है। आरक्षण उनके संवैधानिक अधिकारों का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसमें किसी भी तरह के बदलाव या छेड़छाड़ के प्रयास का लोकतांत्रिक तरीके से पुरजोर विरोध किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समाज की एकजुटता ही उसके अधिकारों की सबसे बड़ी ताकत है।
बैठक की अध्यक्षता दशरथ यादव ने की, जबकि संचालन गोपाल यादव ने किया। मौके पर जेएमएम नेता देबू महतो, अनूप साव, उचित महतो, किशोर मुर्मू, राकेश कुमार, अधिवक्ता शिवदत्त कुमार, रामसेवक पासवान, नवल पासवान, महेंद्र पासवान, संतोष कुमार दास, मुनीलाल राम, रजनी देवी और गायत्री देवी समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top