अजाप्टा की पहल रंग लाई: शिक्षक दिवस पर प्रातःकालीन होंगे विद्यालय, हुसैनाबाद के वेतन भुगतान का भी मिला भरोसा

अजाप्टा की पहल रंग लाई: शिक्षक दिवस पर प्रातःकालीन होंगे विद्यालय, हुसैनाबाद के वेतन भुगतान का भी मिला भरोसा

डीजे न्यूज, पलामू : शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं को लेकर अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ (अजाप्टा) पलामू का प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को सक्रिय नजर आया। संघ के जिला महासचिव अमरेश कुमार सिंह, वरीय उपाध्यक्ष रामानुज प्रसाद एवं संयुक्त सचिव विनय मांझी ने कोषागार पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं जिला शिक्षा अधीक्षक से मुलाकात कर शिक्षकों से जुड़े दो अहम मुद्दे उठाए।

नव पदस्थापित कोषागार पदाधिकारी से मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने हुसैनाबाद के शिक्षकों के अगस्त माह के वेतन भुगतान में हो रही देरी पर असंतोष जताया। पदाधिकारियों ने कहा कि समय पर वेतन नहीं मिलने से शिक्षकों के सामने कई तरह की आर्थिक परेशानियां खड़ी हो जाती हैं। बैंक लोन की किस्तों पर ब्याज बढ़ने, बाहर पढ़ रहे बच्चों की फीस, रहने-खाने के खर्च समेत रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने में शिक्षकों को कठिनाई होती है। इसका सीधा असर उनके मानसिक तनाव और शिक्षण कार्य पर भी पड़ता है।

कोषागार पदाधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि अगस्त माह का वेतन बिल 31 अगस्त को ही पास कर दिया गया है। सर्वर में तकनीकी समस्या के कारण करीब 100 बिल फिलहाल पेंडिंग हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सर्वर की समस्या दूर होते ही लंबित वेतन का भुगतान कर दिया जाएगा और पूरे मामले पर नजर रखी जा रही है।

5 सितंबर को प्रातःकालीन विद्यालय संचालन को मंजूरी

प्रतिनिधिमंडल ने जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं जिला शिक्षा अधीक्षक के समक्ष शिक्षक दिवस, 5 सितंबर को विद्यालयों का संचालन प्रातःकालीन पाली में कराने की मांग रखी। अधिकारियों ने मांग को सहर्ष स्वीकार करते हुए इस संबंध में पत्र भी जारी कर दिया।

फैसले के बाद अजाप्टा हुसैनाबाद के अध्यक्ष मुहम्मद जुबैर अंसारी, सचिव निर्मल कुमार तथा प्रखंड कार्यकारिणी के सदस्य कन्हैया प्रसाद, रंजीत कुमार, गिरिवर राम, मनोज कुमार चौधरी, प्रमोद पासवान, महेंद्र प्रसाद, दीप नारायण सिंह, अनूप सिंह, महेंद्र बैठा समेत दर्जनों शिक्षकों ने खुशी जाहिर की। शिक्षकों ने संघ के प्रयास के लिए धन्यवाद और आभार व्यक्त किया।

गौरतलब है कि अजाप्टा ने 2 सितंबर को भी सार्वजनिक अवकाश में फेरबदल तथा नवनियुक्त सहायक आचार्यों के लंबित वेतन भुगतान का मुद्दा उठाते हुए जिला शिक्षा अधीक्षक का ध्यान आकृष्ट कराया था।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top