40 साल तक दूसरे के नाम पर BCCL में नौकरी का आरोप, पीड़ित ने लगाई न्याय की गुहार

40 साल तक दूसरे के नाम पर BCCL में नौकरी का आरोप, पीड़ित ने लगाई न्याय की गुहार

डीजे न्यूज, धनबाद : धनबाद के रणधीर वर्मा चौक पर एक दंपति ने अपने पड़ोसी पर पहचान बदलकर भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) में करीब 40 वर्षों तक नौकरी करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित रामू तुरी का आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले रामू साव ने उनके नाम और कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर बीसीसीएल में अनुकंपा के आधार पर नौकरी हासिल की और वर्षों तक नौकरी करते रहे। अब पीएफ की राशि पर भी दावा करने का आरोप लगाया गया है।

रामू तुरी के अनुसार वर्ष 1993 में उनके पिता की खदान में डूबने से मौत हो गई थी। इसके बाद परिवार के सदस्य को बीसीसीएल में अनुकंपा के आधार पर नौकरी मिलनी थी। आरोप है कि इसी दौरान रामू साव ने कथित रूप से अपना नाम बदलकर रामू तुरी कर लिया और जाली दस्तावेजों के जरिए नौकरी हासिल कर ली।

पीड़ित का कहना है कि इस मामले को लेकर उन्होंने बीसीसीएल के एरिया कार्यालय, कोयला भवन तथा धनबाद उपायुक्त कार्यालय तक शिकायत की, लेकिन अब तक उन्हें न्याय नहीं मिल सका है। उनका आरोप है कि संबंधित व्यक्ति अब उनके नाम से जमा पीएफ की राशि भी हासिल करने का प्रयास कर रहा है।

रामू तुरी ने यह भी दावा किया कि कथित तौर पर फर्जी तरीके से नौकरी करने के मामले में एक बार उक्त व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई हुई थी और मामला दर्ज किया गया था। हालांकि बाद में उसे जमानत मिल गई। पीड़ित दंपति का कहना है कि इतने वर्षों से शिकायत करने के बावजूद मामले का उचित समाधान नहीं हुआ है।

मामले को लेकर रामू तुरी और उनकी पत्नी मीणा देवी ने प्रशासन एवं बीसीसीएल प्रबंधन से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने तथा दस्तावेजों का सत्यापन कर वास्तविकता सामने लाने की मांग की है। दंपति ने कहा कि वे लंबे समय से न्याय की उम्मीद में विभिन्न कार्यालयों के चक्कर लगा रहे हैं और अब उन्हें उम्मीद है कि मामले में उचित कार्रवाई होगी।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top