विज्ञान ज्योति से छात्राओं को मिली नई उड़ान, 115 छात्राओं ने जाना आईआईटी धनबाद का STEM संसार

विज्ञान ज्योति से छात्राओं को मिली नई उड़ान, 115 छात्राओं ने जाना आईआईटी धनबाद का STEM संसार

डीजे न्यूज, धनबाद : विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (DST) के विज्ञान ज्योति कार्यक्रम के तहत आईआईटी (आईएसएम) धनबाद ने बुधवार को जवाहर नवोदय विद्यालय (JNV) बर्दवान और जामताड़ा की 115 छात्राओं की मेजबानी की। नॉलेज पार्टनर के रूप में आयोजित इस विजिट का उद्देश्य छात्राओं को विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित (STEM) के क्षेत्र में शिक्षा एवं करियर की संभावनाओं से परिचित कराना था।

संस्थान के जीजेएलटी में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत संबोधन से हुई। इसके बाद विभिन्न विषयों पर कीनोट सेशन आयोजित किए गए। विज्ञान ज्योति कार्यक्रम की नोडल कोऑर्डिनेटर प्रो. मधुलिका गुप्ता ने छात्राओं के साथ विशेष संवाद किया और उन्हें STEM क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं के साथ ग्रुप फोटो भी लिया गया।

एकेडमिक एवं नॉलेज-शेयरिंग सत्र में आईआईटी (आईएसएम) धनबाद के फैकल्टी सदस्यों ने विभिन्न विषयों पर जानकारी साझा की। डिपार्टमेंट ऑफ मैथेमेटिक्स एंड कंप्यूटिंग की प्रो. सिंधिया लक्ष्मी ने कीनोट टॉक के माध्यम से छात्राओं को गणित एवं उससे जुड़े अवसरों की जानकारी दी। वहीं, डिपार्टमेंट ऑफ एनवायरनमेंट साइंस एंड इंजीनियरिंग के प्रो. सुरेश पी. एलुमलाई तथा डिपार्टमेंट ऑफ केमिस्ट्री एंड केमिकल बायोलॉजी के प्रो. सुनील पुलेटिकुरती ने भी छात्राओं को संबोधित किया।

इन संवादात्मक सत्रों के दौरान छात्राओं को आईआईटी के शिक्षकों से सीधे बातचीत करने और STEM से जुड़े विभिन्न शैक्षणिक एवं करियर विकल्पों को समझने का अवसर मिला। कार्यक्रम के बाद जीजेएलटी डोम में छात्राओं के लिए लंच की व्यवस्था की गई।

विजिट के अंतिम चरण में छात्राओं ने आई2एच का भ्रमण किया। इस दौरान उन्हें आईआईटी (आईएसएम) धनबाद के इनोवेशन इकोसिस्टम, तकनीकी गतिविधियों और नवाचार से जुड़े कार्यों को करीब से देखने और समझने का अवसर मिला।

विज्ञान ज्योति कार्यक्रम के तहत आयोजित यह विजिट छात्राओं को STEM शिक्षा एवं करियर के प्रति प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल रही। कार्यक्रम का उद्देश्य विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में छात्राओं की रुचि बढ़ाने के साथ-साथ इन क्षेत्रों में महिलाओं की भागीदारी को मजबूत करना है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top