राधा स्वामी संगठन की मीडिया प्रभारी अनीशा सिन्हा और सहयोगी सुबोध सिंह भी पुलिस हिरासत में
डीजे न्यूज, पचंबा, गिरिडीह : राधा स्वामी संगठन से जुड़े कथित रूप से धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने संगठन की मीडिया प्रभारी अनीशा सिन्हा और उनके सहयोगी सुबोध सिंह को भी हिरासत में लिया है। इससे पहले मंगलवार को संगठन के प्रदेश अध्यक्ष मुकेश सिन्हा को भी पुलिस ने हिरासत में लिया था।
राधा स्वामी संगठन के प्रदेश अध्यक्ष मुकेश सिन्हा और मीडिया प्रभारी अनीशा सिन्हा पर लाभुकों से कथित तौर पर रुपये लेने के बाद फरार होने का आरोप है। मामले को लेकर पिछले कई महीनों से लाभुकों और पुलिस की ओर से दोनों की तलाश किए जाने की बात सामने आ रही थी।
बताया जा रहा है कि दोनों आरोपी पटना में रह रहे थे। वहां से वे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से लाभुकों के सवालों का जवाब देने के साथ-साथ अपना पक्ष भी लोगों तक पहुंचा रहे थे।
मंगलवार को पुलिस ने मुकेश सिन्हा को उसके घर से हिरासत में लिया था। इसके बाद अब अनीशा सिन्हा और उसके सहयोगी सुबोध सिंह को भी पुलिस हिरासत में लिए जाने की सूचना है।
मामले को लेकर कई लाभुकों ने थाने में लिखित शिकायत देकर कथित ठगी की जांच कराने और अपनी राशि वापस दिलाने की मांग की है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ के बाद मामले में और तथ्य सामने आने की संभावना है।