स्कॉलर बी.एड. कॉलेज में पांच दिवसीय प्रशिक्षण शुरू

स्कॉलर बी.एड. कॉलेज में पांच दिवसीय प्रशिक्षण शुरू

28 दिन के स्कूल ऑब्जर्वेशन से पहले प्रशिक्षुओं को मिला व्यावहारिक प्रशिक्षण

डीजे न्यूज, गिरिडीह : स्कॉलर बी.एड. कॉलेज में सत्र 2025-27 के बी.एड. प्रथम वर्ष के प्रशिक्षुओं के लिए पांच दिवसीय ‘प्री-ऑब्जर्वेशन ओरिएंटेशन प्रोग्राम’ का सोमवार को शुभारंभ हुआ। 31 अगस्त से 4 सितंबर तक चलने वाले इस कार्यक्रम का उद्देश्य प्रशिक्षुओं को आगामी 28 दिवसीय स्कूल ऑब्जर्वेशन के लिए आवश्यक व्यावहारिक जानकारी और कौशल प्रदान करना है।

कार्यक्रम में प्रशिक्षुओं को विद्यालयी वातावरण, शिक्षण पद्धति, प्रशासनिक प्रक्रियाओं, अभिलेख संधारण और बाल-मनोविज्ञान से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी जाएंगी। कार्यशाला के दौरान विभिन्न तकनीकी एवं व्यावहारिक सत्र आयोजित कर प्रशिक्षुओं की जिज्ञासाओं और संशयों का समाधान किया जाएगा।

प्रथम दिवस प्राचार्य डॉ. शालिनी खोवाला ने प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए कहा कि 28 दिवसीय विद्यालयी अवलोकन महज अकादमिक प्रक्रिया नहीं है, बल्कि भावी शिक्षकों में सजग अवलोकन क्षमता और शिक्षक के प्रति जिम्मेदारी विकसित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने प्रशिक्षुओं को विद्यालय के वातावरण के साथ सामंजस्य स्थापित करने तथा प्रधानाचार्य, शिक्षण एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों और विद्यार्थियों के साथ सकारात्मक समन्वय बनाए रखने की सलाह दी। साथ ही दैनिक ऑब्जर्वेशन डायरी को व्यवस्थित तरीके से लिखने के महत्व पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम समन्वयक डॉ. संतोष चौधरी ने पांच दिवसीय कार्यशाला के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए प्रशिक्षुओं को पूरे कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण सहित सत्र 2025-27 के प्रशिक्षु उपस्थित रहे। कॉलेज प्रबंधन के अनुसार पांच दिनों के दौरान प्रशिक्षुओं को विद्यालयी कार्यप्रणाली से जुड़ी विभिन्न व्यावहारिक गतिविधियों की जानकारी दी जाएगी, ताकि वे स्कूल ऑब्जर्वेशन के दौरान अपने दायित्वों का बेहतर ढंग से निर्वहन कर सकें।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top