शादी में चोरी हुआ 45 हजार का मोबाइल नौ महीने बाद गिरिडीह में मिला, महिला हिरासत में
डीजे न्यूज, गिरिडीह : औरंगाबाद में शादी समारोह के दौरान चोरी हुआ OnePlus मोबाइल करीब नौ महीने बाद गिरिडीह में बरामद हुआ। मोबाइल बोकारो निवासी विवेक सिंह का बताया जा रहा है। मोबाइल बरामद होने के बाद विवेक ने चोरी के मामले में कार्रवाई की मांग की है। सूचना पर गिरिडीह नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एक महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
विवेक सिंह के अनुसार, वह अपने रिश्तेदार की शादी में शामिल होने औरंगाबाद गया था। शादी के दौरान होटल में सोने के दौरान उसका OnePlus मोबाइल चोरी हो गया था। उस समय मोबाइल महज 15 दिन पुराना था और उसकी कीमत करीब 45 हजार रुपये थी। इस संबंध में उसने एक दिसंबर 2025 को औरंगाबाद थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। विवेक ने बताया कि शादी समारोह के दौरान चार-पांच मोबाइल चोरी हुए थे, जिनमें दूल्हे के पिता का मोबाइल भी शामिल था।
चोरी के मोबाइल की फरवरी में ही जानकारी मिलने का आरोप
विवेक का आरोप है कि बाद में उसे जानकारी मिली कि मोबाइल चोरी करने वाला युवक गिरिडीह की रहने वाली एक महिला गुड़िया का बेटा है। आरोप है कि महिला को फरवरी में ही इस बात की जानकारी हो गई थी कि मोबाइल उसके बेटे ने चोरी किया है। इसके बावजूद मोबाइल वापस नहीं किया गया।
विवेक के मुताबिक, पिछले करीब एक सप्ताह से महिला से मोबाइल वापस करने को लेकर बातचीत चल रही थी। इस दौरान महिला ने पहले बताया कि मोबाइल एक दुकानदार के पास है और उसे छुड़ाने के लिए पांच हजार रुपये देने होंगे। बाद में यह रकम बढ़ाकर 10 हजार रुपये बताई गई। बातचीत के बाद महिला ने खुद पैसे देकर मोबाइल छुड़ाने और बाद में रकम लेने की बात कही।
सांई मंदिर के पास बुलाकर सौंपा मोबाइल
सोमवार को महिला ने विवेक को बरमसिया स्थित सांई मंदिर के पास बुलाया और मोबाइल सौंप दिया। मोबाइल मिलने के बाद विवेक ने देखा कि उसमें मौजूद पूरा डेटा डिलीट कर फोन को रिसेट कर दिया गया है। उनका कहना है कि करीब नौ महीने बीत जाने के कारण मोबाइल की बाजार कीमत भी काफी कम हो गई है।
विवेक ने पुलिस से मांग की है कि उन्हें उस दुकान तक ले जाया जाए, जहां कथित तौर पर मोबाइल रखे या बेचे जाने की बात सामने आई है, ताकि मोबाइल से जुड़े जरूरी दस्तावेज और अन्य जानकारी हासिल की जा सके। साथ ही उन्होंने मोबाइल चोरी करने वाले युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
मामले की सूचना मिलने के बाद नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है