नवपत्रिका आगमन के साथ बलियापुर व आसपास इलाके में महासप्तमी पूजा शुरू
बलियापुर: बलियापुर के विभिन्न इलाकों में आयोजित दुर्गोत्सव में शनिवार को मंडप में नवपत्रिका आगमन के साथ महासप्तमी की पूजा प्रारंभ हो गई। सुबह में भव्य ढोल ढाक व शोभा यात्रा के साथ नवपत्रिका लाने के लिए भारी संख्या में श्रद्धालु नजदीकी जलाशय पहुंचे। पूरे विधि विधान और मंत्रोच्चारण के साथ माता को पालकी में विराजमान कर पूजा स्थल लाया गया।
बलियापुर दुर्गा मंदिर के पंडाल का उद्घाटन भाजपा नेत्री तारा देवी एवं सिंदूरपुर में थाना प्रभारी सत्यजीत कुमार ने किया। मौके पर मुखिया गणेश महतो, विजय गोराई, जगदीश प्रसाद अग्रवाल, बिमल अग्रवाल, मिठू सरिया, सिंदूरपुर में विश्वजीत मुखर्जी, बेंगु ठाकुर समेत पूजा कमेटी के लोग मौजूद थे।
महा सप्तमी के मौके पर बलियापुर दुर्गा मंदिर, सिंदूरपुर, प्रधानखंटा , दूधिया, मोको, सालपतरा, बाघमारा, घड़बड़, रंगामाटी, कुसमाटांड़, कर्माटांड़, सुरुंगा आदि गांवों के दुर्गा मंदिरों में पूजा अर्चना एवं देवी दुर्गा की प्रतिमा के दर्शन हेतु लोगों का दिन भर आना-जाना लगा रहा।
पूजनोत्सव को शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जगह-जगह दंडाधिकारी के साथ पुलिस बल तैनात किए गए हैं। थाना प्रभारी सत्यजीत कुमार को क्षेत्र में दिन भर गश्त करते देखे गए।