बरोरा में बिजली विवाद को लेकर भिड़े दो पक्ष
चले लाठी-डंडे, सात जख्मी
बरोरा थाना क्षेत्र के नावाडीह का मामला
डीजे न्यूज, कतरास (धनबाद):
बरोरा थाना क्षेत्र के नावाडीह बस्ती में सोमवार को पुरानी रंजिश व बिजली विवाद को लेकर दो पक्षो के बीच जमकर मारपीट हुई। लाठी-डंडे और पारंपरिक हथियार का खुलकर प्रयोग हुआ। इस घटना के बाद वहां अफरातफरी का माहौल उत्पन्न हो गया। मारपीट की इस घटना में दोनों पक्ष के सात लोग जख्मी हुए हैं । सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और माहौल शांत किया। पुलिस ने इलाज के लिए जख्मियों को स्वास्थ्य केंद्र बाघमारा भेजा। गंभीर रूप से जख्मी तीन को बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया है।
दोनों पक्ष ने थाना में एक दूसरे के खिलाफ लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
एक पक्ष के पंकज कुमार गोप ने सुरेश गोप, गौतम गोप, अजय गोप, रोशन गोप, दुखु गोप, नेमलाल गोप, शनी गोप के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट कर जख्मी करने का आरोप लगाते हुए शिकायत दी है।
वही दूसरे पक्ष के गौतम कुमार गोप ने विक्रम गोप , संजय यादव, मनोज गोप, कैलाश गोप, उत्तम गोप , पंकज तथा कमलेश के खिलाफ लाठी डंडे से मारकर सिर फोड़ने और हाथ तोड़ देने का आरोप लगाया है।
घटना के संबंध मे बताया जाता है की कुछ दिन पहले बिजली तार मे अवैध टोका फंसाने व पोल्ट्री फार्म हाउस के लिए 440 लाइन करने को लेकर विवाद दोनों पक्षों के बीच विवाद उत्पन्न हुआ था। गांव के लोगो के द्वारा बीच-बचाव करने के कारण मामला शांत हो गया था। सोमवार सुबह एक युवक को अकेला देखकर दूसरे पक्ष ने मारपीट की। खबर पाकर दूसरे पक्ष के लोग भी मौका पर पहुंच गए और देखते ही देखते मामला बिगड़ गया। फिलहाल बरोरा पुलिस नावाडीह बस्ती पर नजर बनाए हुए है।
थाना प्रभारी अभय कुमार ने बताया की लिखित शिकायत मिली है। मामले की जांच कर अग्रिम करवाई प्रारंभ कर दिया है। दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।