भेदभाव मुक्त समाज और सामाजिक समरसता पर दिया जोर
डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद):
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ कतरास नगर की ओर से शुक्रवार को शिक्षक कॉलोनी स्थित सामुदायिक भवन में रक्षाबंधन उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता की तस्वीर के समक्ष द्वीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। संघ कार्यकर्ताओं ने बताया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के छह प्रमुख उत्सवों में रक्षाबंधन उत्सव का विशेष महत्व है। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को रक्षासूत्र बांधकर सामाजिक समरसता, आत्मीयता, बंधुत्व एवं राष्ट्रभाव को मजबूत करने का संकल्प लिया।
संघ के सुशील चौधरी ने कहा कि हिंदू समाज में छुआछूत जैसी कुरीतियां हमारी मूल सामाजिक परंपरा का हिस्सा नहीं थीं। समय के साथ विभिन्न षड्यंत्रों और सामाजिक परिस्थितियों के कारण समाज में जातिगत भेदभाव एवं छुआछूत जैसी विकृतियां आईं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रारंभ से ही जात-पात और छुआछूत के भेदभाव का विरोध करते हुए सामाजिक समरसता के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि रक्षासूत्र केवल एक-दूसरे की रक्षा का प्रतीक नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति के प्रति आत्मीयता, समानता और बंधुत्व की भावना को मजबूत करने का माध्यम है। कार्यक्रम का समापन संघ प्रार्थना एवं प्रसाद वितरण के साथ हुई।
मौके पर-राम औतार विश्वकर्मा, रामकुमार साहू, सतीश पांडे, मुकेश बरनवाल, कुलदेव केवट, आलोक प्रमाणिक आदि मौजूद थे।