झरिया में फ्रेडरिक एंगेल्स की 206वीं जयंती पर संगोष्ठी, CPI(M) ने दी श्रद्धांजलि

झरिया में फ्रेडरिक एंगेल्स की 206वीं जयंती पर संगोष्ठी, CPI(M) ने दी श्रद्धांजलि

डीजे न्यूज, तिसरा, धनबाद : महान शिक्षक, प्रकृति के विज्ञानी फ्रेडरिक एंगेल्स की 206वीं जयंती पर शुक्रवार को CPI(M) झरिया लोकल कमिटी ने मान बाद पार्टी कार्यालय में संगोष्ठी का आयोजन किया।

सबसे पहले उपस्थित साथियों ने महान एंगेल्स के तस्वीर पर श्रद्धांजलि अर्पित की। संगोष्ठी में उपस्थित पार्टी राज्य कमिटी के सदस्य कामरेड शिव बालक पासवान ने कहा कि दुनिया के महानतम दार्शनिकों में से एक, वैज्ञानिक समाजवाद के निर्माताओं में से फ्रेडरिक एंगेल्स थे। फ्रेडरिक एंगेल्स की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका और देन कार्ल मार्क्स द्वारा रचित ‘दास कैपिटल’ जो अस्त-व्यस्त स्थिति में पड़ा हुआ था, उसे संकलित और प्रकाशित करने का सबसे महत्वपूर्ण कार्य था। यह उनकी मार्क्सवाद के प्रति सच्ची और वास्तविक लगन थी।

कार्यक्रम में उपस्थित जनवादी लेखक संघ के प्रोफेसर कामरेड नारायण चक्रवर्ती ने कहा कि फ्रेडरिक एंगेल्स का जन्म 28 नवंबर 1820 को हुआ और उनका निधन 5 अगस्त 1895 को हुआ। कामरेड कार्ल मार्क्स के साथ उनका नाम हमेशा एक साथ लिया जाता है। 1848 में दोनों ने मिलकर कम्युनिस्ट घोषणा पत्र की रचना की, जो मजदूर वर्ग की मुक्ति का दस्तावेज बनकर आज भी दुनिया को रास्ता दिखा रहा है। बाद में उनकी महान रचनाएं एंटी-ड्यूरिंग, समाजवाद काल्पनिक से वैज्ञानिक, परिवार की उत्पत्ति, निजी संपत्ति और राज्य 1884 इन ग्रंथों में उन्होंने द्वंद्वात्मक भौतिकवाद, ऐतिहासिक भौतिकवाद, वर्ग संघर्ष, राज्य की उत्पत्ति और विलुप्ति, महिला मुक्ति सब कुछ को वैज्ञानिक रूप दिया।

उन्होंने कहा कि कार्ल मार्क्स और फ्रेडरिक एंगेल्स एक-दूसरे के पूरक थे। हमें उन्हें पढ़ना चाहिए और उनके आदर्शों को आत्मसात कर आगे बढ़ना चाहिए।

कार्यक्रम में भगवान दास, हेमंत बावरी, प्रजा पासवान, कार्तिक कुमार, नंदलाल विश्वकर्मा, पंचम कुमार सहित अन्य साथी उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top